बदायूं। बुधवार को जिले में एनएचएम के कर्मचारी, आशा वर्कर और उसकी बेटी समेत 11 कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इनमें शहर में चार और बगरैन कस्बे में सात पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे बगरैन में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सभी पॉजिटिव को कोविड अस्पताल पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग के पास बुधवार रात 268 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इनमें 257 सैंपल निगेटिव निकले जबकि 11 सैंपल कोरोना पॉजिटिव पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार को बरेली आईवीआरआई से आईं आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव निकली हैं। जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, उनकी जांच रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से कराई गई थी। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम बगरैन पहुंची थी। बताते हैं कि कुछ दिन पहले सैदपुर स्वास्थ्य केंद्र के एमओआईसी, चिकित्सक, स्टाफ नर्स और एक चतुर्थश्रेणी कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। जब उनकी हिस्ट्री खंगाली गई तो बगरैन की आशा वर्कर का नाम भी सामने आया। इस पर बुधवार को आशा वर्कर, उसके परिवार और आसपास के 79 लोगों की जांच कराई गई। इनमें आशा वर्कर, उसकी बेटी, पड़ोस में एक दंपती और उनके तीन बच्चे पॉजिटिव पाए गए। इनके अलावा स्वास्थ्य विभाग में एनएचएम के एक कर्मचारी ने अपना सैंपल कराया था। वो भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इधर, मंगलवार को समरेर स्वास्थ्य केंद्र में तैनात नेकपुर निवासी एक चिकित्सक पॉजिटिव निकला था। इस पर उसके परिवार के लोगों की जांच कराई गई। इसमें चिकित्सक के माता-पिता और जवाहरपुरी निवासी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित निकला है।
ट्रूनेट जांच में पॉजिटिव निकला लेखपाल और उसकी पत्नी
बिल्सी (बदायूं)। अंबियापुर ब्लॉक क्षेत्र में तैनात लेखपाल और उसकी पत्नी ट्रूनेट मशीन की जांच में कोरोना संक्रमित मिले हैं। बताते हैं कि लेखपाल शहर की पटेल नगर कॉलोनी में परिवार के साथ रहता है। वह तीन दिन पहले तहसील में आया था। कुछ काम भी निपटाया था। बाद में उसने जांच कराई तो वह पॉजिटिव निकला। उसकी पत्नी भी संक्रमित पाई गई। इस पर एसडीएम संजय कुमार सिंह ने दो दिन तक तहसील को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। पूरी तहसील को सैनिटाइज करा दिया गया है।
वजीरगंज का व्यापारी बरेली में निकला पॉजिटिव
बदायूं। वजीरगंज निवासी एक व्यापारी बरेली में कोरोना पॉजिटिव निकला है। बताते हैं कि व्यापारी की वजीरगंज में मिठाई की दुकान है। उसने हाल में ही बरेली में प्राइवेट हॉस्पिटल के माध्यम से प्राइवेट जांच कराई थी जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव निकला है। बहरहाल व्यापारी इस समय बरेली में ही भर्ती है।
55 लोगों का कोरोना टेस्ट, सभी की रिपोर्ट निगेटिव
उसावां। सीएचसी पर कैंप लगाकर बुधवार को 55 लोगों के सैंपल लेकर इनका टेस्ट किया गया। देर शाम सभी रिपोर्ट आ गई। कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है। सभी संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव रही है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि दोपहर 12 से शाम चार बजे तक इन लोगों के सैंपल लिए गए थे। इस मौके पर एलटी श्रीनिवास गौतम, काउंसलर जन्मेजय सिंह, स्वास्थ्य कर्मी डूंगर सिंह आदि मौजूद रहे।
बुधवार को जांच को भेजे गए 361 सैंपल
बदायूं। रोज की तरह बुधवार को भी जिले के अलग-अलग स्थानों से सैंपल एकत्र किए गए। शाम तक 361 सैंपल एकत्र हुए। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें जांच के लिए बरेली भेज दिया है। बाकी रैपिड एंटीजन टेस्ट किट में पॉजिटिव निकले लोगों के सैंपल नहीं भेजे गए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
आज कुल 268 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें 257 सैंपल निगेटिव और 11 पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा बुधवार को 361 सैंपल जांच को भेजे गए हैं। सभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों को कोविड-19 हॉस्पिटल भेजा जा रहा है।
- डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ