बदायूं। सोमवार रात जिले में मां-बेटी समेत आठ कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इनमें तीन सैंपल आरटीपीसीआर की जांच में पॉजिटिव आए हैं जबकि पांच लोग रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। इन्हें कोविड अस्पताल भेजा गया है। इस्लामनगर में पॉजिटिव निकले तीन लोगों की तलाश की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के पास सोमवार रात 230 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इनमें 227 सैंपल निगेटिव निकले। तीन सैंपल पॉजिटिव निकले। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ये तीनों सैंपलों की आरटीपीसीआर से जांच कराई गई थी। तीनों पॉजिटिव इस्लामनगर इलाके के निवासी हैं। इनमें दो इस्लामनगर कस्बे के और एक नूरपुर पिनौनी का बताया जा रहा है। वहीं, सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में जाकर सैंपल कलेक्शन किए। करीब 70 लोगों की रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से जांच कराई गई। इनमें पांच लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। एक जगत ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम मोहम्मद नगर सुलरा निवासी है जबकि एक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पथिक चौक निवासी महिला है। वहीं, शहर के मोहल्ला कटरा आलम शाह में मां-बेटी समेत तीन लोग पॉजिटिव निकले हैं। बताते हें कि 25 जुलाई को कटरा आलम शाह में एक महिला पॉजिटिव निकली थी। ये तीनों लोग भी उसके परिवार से हैं। रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से हुई जांच के बाद पॉजिटिव कोविड अस्पताल भेजे जा रहे हैं।
प्राइवेट लैब की जांच में निकला पॉजिटिव, बालपुर गांव सील
इस्लामनगर (बदायूं)। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बालपुर का एक व्यक्ति प्राइवेट लैब की जांच में कोरोना पॉजिटिव निकला है। बताते हैं कि व्यक्ति शुगर का मरीज है। वह करीब दस दिन पहले शुगर की दवा लेने बरेली गया था। परिजन उसे चंदौसी के प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां से उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। वहीं, उसकी प्राइवेट लैब द्वारा जांच कराई गई जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव निकला है। इस पर मरीज के परिजनों को क्वारंटीन करा दिया गया है। वहीं सोमवार सुबह बालपुर गांव सील करा दिया गया है।