दातागंज (बदायूं)। नगर के आर्य समाज मोहल्ले में रविवार को एक महिला प्राइवेट जांच में कोरोना पॉजिटिव निकली है। इससे नगर में हड़कंप मच गया है। इसकी सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने मोहल्ले को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। वहीं, मोहल्ले को बैरियर लगाकर सील करा दिया गया है।
करीब 55 वर्षीय महिला दातागंज कस्बे के वार्ड नंबर 15 मोहल्ला आर्य समाज निवासी है। परिवार वालों के मुताबिक वह आठ-दस दिन पूर्व अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में बरेली जा रही थी। उसी समय उसे रास्ते में तेज खांसी आई थी। इस पर परिवार वालों ने उसे बरेली पहुंचकर दवा दिलाई थी। दो दिन उसका स्वास्थ्य ठीक रहा लेकिन तीसरे दिन और ज्यादा हालत बिगड़ गई। इस पर परिवार वाले उसे दोबारा बरेली ले गए। चिकित्सक ने उसकी कोरोना संक्रमण की जांच कराने के लिए सैंपल कराया था। इसके बाद महिला दवा लेकर अपने घर आ गई। रविवार शाम उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसकी जानकारी पर एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह, सीओ एसके सिंह और कोतवाली पुलिस मोहल्ले में पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भी आ गई। टीम ने महिला को एंबुलेंस से कोविड-19 हॉस्पिटल उझानी भेज दिया है। इधर, नगर के मोहल्ला आर्य समाज को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इस पर मोहल्ले में जगह-जगह बैरियर लगाकर सील करा दिया गया है। इस परिवार के 17 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है। अब उनके भी सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी।
-------------------------
क्या कहते हैं अधिकारी
आर्य समाज मोहल्ले में एक महिला प्राइवेट जांच में कोरोना पॉजिटिव निकली है। उसका सैंपल बरेली प्राइवेट अस्पताल में लिया गया था। वहीं से उसकी जांच कराई गई जिसमें वह पॉजिटिव निकली है। इससे मोहल्ले को हॉटस्पॉट घोषित किया है। उसे सील करा दिया गया है।
- कुंवर बहादुर सिंह, एसडीएम दातागंज
-------------------------
उसहैत कस्बे में 110 लोगों के लिए गए सैंपल
उसहैत। कस्बे के मोहल्ला सराय में अब तक सात कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। इससे इलाके में कोरोना संक्रमण का भय व्याप्त है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम कस्बा पहुंची। उसके बाद मोहल्ला और उसके आसपास के 110 लोगों को चिह्नित कर उनके सैंपल लिए गए। इससे पहले 194 लोगों के सैंपल लिए गए थे। उनमें पांच कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।