बदायूं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति पंकज नकवी ने शनिवार को दीवानी न्यायालयों का मुआयना किया। न्यायमूर्ति नकवी ने दीवानी न्यायालय स्थित सभी अदालतों को देखा। इस दौरान न्यायमूर्ति अदालतों के बाहर बैठे वादकारियों के पास गए और उनसे अदालतों द्वारा दी जा रही तारीखों और कार्रवाई की भी जानकारी ली।
न्यायमूर्ति ने निर्देश दिए कि वादकारियों को पीने का पानी और शौचालय की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। मुआयने के दौरान जजी के सभी गेट पर सुरक्षा चाक-चौबंद रही। जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रिक्त अदालतों को भरने, 30 हजार से अधिक धनराशि की जमानत के सत्यापन के संबंध में उचित निर्देश देने, चेंबर के निर्माण, अदालतों में सीसीटीवी कैमरे और जमानत निस्तारण में विधि व्यवस्था का अनुपालन होने आदि की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में यतेंद्र यादव, ब्रह्मानंदन गौतम, शिवकुमार शर्मा, सुधीर कश्यप, मौलवी नसीरुद्दीन, सुयोग्य गुप्ता, पशुपतिनाथ श्रीवास्तव, अजय सिसोदिया, सुनीता सिंह मौजूद रहे। इधर जिला सिविल बार के सचिव अरविंद पाराशरी, अध्यक्ष अरविंद गुप्ता और दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने भी न्यायमूर्ति से भेंट कर अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराकर निस्तारण का अनुरोध किया।