घर के बरामदे में काफी खून पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि सिर पर प्रहार के बाद सोमवीर चारपाई के एक ओर और खुशबू दूसरी ओर गिरी होंगी। उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार करने की बात कही जा रही है क्योंकि सिर फटने से दोनों का भेजा बाहर निकल आया था, जबकि रॉड से एक ही वार में किसी को इस तरह नहीं मारा जा सकता है। यदि सिर पर रॉड मारी जाएगी तो व्यक्ति चीखेगा जरूर, लेकिन दोनों में से किसी की चीख पड़ोसियों ने नहीं सुनी। पुलिस ने जांच में यह तथ्य भी शामिल किया है।
इस हत्याकांड में नामजद आरोपी चाचा अमर सिंह सेवानिवृत्त अध्यापक हैं। उसने पुलिस को बताया कि वह रात में खेत पर फसल की सिंचाई कर रहा था। बेटा सत्येंद्र भी उसके साथ में था। पुलिस ने दोनों को उनके घर से पकड़ लिया। ऐसे में दोनों की नामजदगी पर भी सवाल उठ रहे हैं। वारदात में किसी अन्य करीबी के हाथ होने से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
सोमवीर की पहली पत्नी को निकाल दिया था घर से
ग्रामीणों के मुताबिक सोमवीर की दो शादी हुई थी। पहली शादी ढाई साल पहले एक महिला से हुई थी लेकिन उसके परिवार वालों ने ही पहली पत्नी को घर में रहने नहीं दिया और उसे घर से निकाल दिया। डेढ़ साल पहले सोमवीर ने बिहार की खुशबू से शादी की थी।
जमीन को लेकर भाइयों में अनबन की बात आई सामने
ग्रामीणों का कहना है कि पांचों भाइयों का फरीदपुर में भी एक मकान है लेकिन वहां केवल उदयवीर ही रह रहा है। सभी के मकान अलग-अलग हैं। उनके नाम 30 बीघा जमीन है। कुछ समय पहले पिता ने सोमवीर को छह बीघा जमीन खरीदकर दी थी, इससे दूसरे भाई नाराज थे। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।