एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने गैंग का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार मंदिरों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। बदमाश मंदिरों का सारा सामान और घंटे आदि चोरी करके भाग जाते थे। इन बदमाशों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने चंदोई के जंगल से तीन बदमाशों को मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया। थाने लाकर उनसे सख्ती से पूछताछ की गई। उन्होंने अपने नाम थाना क्षेत्र के गांव चंदोली निवासी राहिद पुत्र मुन्ना खां, ग्राम मुस्तफाबाद निवासी शौकीन उर्फ शानू पुत्र नसीर धोबी और मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र के गांव मीनानगर जमंतीपुर निवासी खुर्शीद पुत्र अब्दुल रशीद अंसारी बताए।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चार लाख रुपये के 150 किलो के घंटे, दीपक, तांबे का लोटा, दानपात्र पेटी, अवैध असलहा, चोरी के 10,200 रुपये, बैटरी, इनवर्टर, दो मोबाइल और दो बाइक बरामद हुई है।
पूछताछ में उन्होंने ग्राम सिठौली के पंचायत भवन, उसके नजदीक मंदिर, नूरपूर पिनौनी के सीताराम मंदिर और उसके आसपास के मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। इस खुलासे के दौरान एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा, सीओ बिल्सी सुनील कुमार और इस्लामनगर इंस्पेक्टर ऋषि पाल सिंह मौजूद रहे।