बदायूं में अब तक नौकरी लगवाने के नाम पर तमाम लोगों के साथ ठगी हो चुकी है। अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां दंपती ने आईजी के साथ ली गई सेल्फी दिखाकर पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से चार लाख 28 हजार रुपये ठग लिए। जब नौकरी नहीं लगी और न रुपये वापस मिले तो महिला ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
अमरोहा के वासुदेव नगर में रहने वाली वंशिता यादव पत्नी दीपक यादव का मायका शहर के जवाहरपुरी मोहल्ले में है। वंशिता के मुताबिक वह कुछ समय पहले अपने मायके आई थी। तब उसकी मुलाकात उत्तराखंड में हल्द्वानी के बैलाजली लाज निवासी शशि कश्यप पत्नी राजू कश्यप से हुई थी। शशि की ससुराल अलापुर के पट्टी चंदी फाजिल में है, लेकिन वह इस समय शहर के मोहल्ला ब्राहमपुर में रह रही है। मुलाकात के दौरान शशि और उसके पति ने आईजी के साथ ली गई सेल्फी दिखाई थी। उन्होंने कहा था कि उनके पुलिस अधिकारियों से बहुत अच्छे संबंध हैं। वह पुलिस में उसकी नौकरी लगवा देंगे।