फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा में मतगणना आज, सभी व्यवस्थाए पूर्ण

Fri, 10 Mar 2017 10:33 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो बदायूं।
विज्ञापन
मतगणना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सबसे पहले बिल्सी और सदर के नतीजे आने की उम्मीद, प्रेक्षकों और पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने तैयारियों का जायजा लिया
विज्ञापन

जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव आयोग के प्रेक्षकों ने डीईओ, एसएसपी के साथ मतगणना की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में शनिवार को मंडी समिति में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना परिसर की 500 मीटर परिधि को  नो एंट्री जोन घोषित कर दिया गया है। इस सीमा के अन्दर कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति और  वाहन प्रवेश नहीं कर सकेगा। मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए गए हैं। भारी पुलिस बल मौजूद रहेगा। सबसे पहले बिल्सी और सदर के नतीजे आने की उम्मीद जताई जा रही है।
शुक्रवार को बिसौली विधानसभा क्षेत्र के चुनाव प्रेक्षक डॉ. विशाल आर., सहसवान के प्रेक्षक टी.एन वेंकटेश, बिल्सी के प्रेक्षक अशोकानन्द एचएस, बदायूं के प्रेक्षक के श्री निवासुलु तथा दातागंज के प्रेक्षक केएस मंजूनाथ ने जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार, एसएसपी महेन्द्र यादव और अन्य अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा लिया।  प्रेक्षकों ने मतगणना हाल में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न करने देने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बिना तलाशी के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। बाहरी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस बल तथा होमगार्ड हेलमेट, डंडा, प्रोटेक्टर के साथ  ड्यूटी पर प्रात: छह बजे से पहले अवश्य पहुंच जाएं। किसी ने कानून एवं शांति व्यवस्था में बाधा डालने का प्रयास किया तो उसके  विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।  इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी अनिल कुमार यादव, एसपी आरए संजय राय,   मुख्य विकास अधिकारी अच्छे लाल सिंह यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

--
हर चरण के मतों का होगा एलान
मतगणना के लिए 14 टेबिल लगाई गई हैं। बूथवार मतों की गणना की जाएगी। जिले में सबसे कम 358 पोलिंग बूथ बिल्सी विधानसभा में हैं इसलिए मतों की गिनती सबसे पहले यहां पूरी हो सकेगी। इसके बाद बदायूं सदर के मतों की गणना होगी, जहां 368 पोलिंग बूथ हैं। इसके बाद बिसौली, सहसवान और शेखूपुर के बाद सबसे ज्यादा 413 पोलिंग बूथ दातागंज विधानसभा में हैं इसलिए यहां के नतीजे सबसे बाद में आने का अनुमान है। सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारंभ होने के एक से डेढ़ घंटे के बाद रुझान मिलने शुरू हो जाएंगे। सुबह 10 से 11 बजे के बीच में रुझान साफ होने लगेगा। माना जा रहा है कि दोपहर तक नतीजे आ जाएंगे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय  कुमार श्रीवास्तव ने बताया  कि प्रत्येक चक्र की गणना का  विधिक कार्यवाही के उपरांत लाउडस्पीकर के  माध्यम से एलान किया जाएगा,  जिससे आम जनता को गणना कार्य की समय-समय पर  जानकारी मिलती रहे।
--  
सरकारी वाहनों की पार्किंग मंडी समिति में होगी
सरकारी वाहनों की पार्किंग मंडी समिति में रहेगी। गणना कार्मिकों तथा मीडिया के दो पहिया वाहनों की पार्किंग गेस्ट हाउस की ओर बनाई गई है। गणना  परिसर के अंदर भी कई बैरियर लगाए जाएंगे और निर्धारित सीमा के अंदर किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
--
समर्थकों के वाहन पार्किंग स्थल में संशोधन
प्रत्याशियों के समर्थकों के दो एवं चार पहिया वाहन गौरी शंकर मंदिर के  निकट रिक्त स्थान तथा मझिया रोड एवं विकास भवन रोड पर पार्क कराए जाएंगे।  500 मीटर परिधि में न तो कोई अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश कर सकेगा और न ही  उसके वाहन को जाने दिया जाएगा। 
--
बाहर आने पर पुन: प्रवेश नहीं कर सकेंगे एजेंट
विधानसभावार नामित  मतगणना एजेंट यदि एक बार गणना स्थल में प्रवेश कर जाते  हैं तो बाहर आने पर  उन्हें पुन: प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। कोई भी  व्यक्ति प्रतिबंधित  वस्तुएं मतगणना परिसर में नहीं ले जा सकेगा।
--
अलापुर रोड पर नहीं चलेंगे वाहन
अलापुर  रोड पर शनिवार को सुबह छह बजे से मतगणना समाप्ति तक भारी वाहन नहीं  चल सकेंगे। बदायूं की ओर आने वाले भारी वाहनों को म्याऊं से डहरपुर रोड पर  डायवर्ट किया जाएगा। बदायूं से अलापुर एवं म्याऊं की ओर जाने वाले वाहन दातागंज रोड से वाया डहरपुर म्याऊं की ओर जा सकेंगे। मतगणना के दिन अलापुर रोड पर हल्के वाहन चलते रहेंगे।
--
मतगणना परिसर में प्रवेश से पहले होगी तलाशी
मतगणना परिसर में प्रवेश से पूर्व मुख्य द्वार पर तैनात पुलिस बल द्वारा सघन तलाशी ली जाएगी। कोई भी व्यक्ति मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन, लैपटॉप,  शस्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, गुटखा, बीड़ी सिगरेट, पानी की बोतल तथा कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या डिवाइस नहीं ले जा सकेगा। प्रतिबंधित वस्तुएं पाए  जाने पर जब्त कर ली जाएंगी। मतगणना स्थल पर स्वास्थ्य कैंप भी लगाया जाएगा। 
--
मंडी समिति में क्रय-विक्रय रहेगा बंद
मतगणना कार्य की सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए 11 मार्च को मंडी  समिति में क्रय-विक्रय पूर्णतय: बंद रहेगा और दुकानें भी नहीं खुलेंगी। मदर एथेना स्कूल एवं मंडी समिति के गेट नंबर एक से पहले बैरियर लगाए जाएंगे।  सरकारी वाहनों के अलावा किसी प्राइवेट वाहन को मंडी परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
विज्ञापन


जिले में प्रशासन ने धारा 144 लागू की
-झगड़ा करने पर सख्ती से कार्रवाई करेगी पुलिस
बदायूं। मतगणना के बाद जीतने वाले प्रत्याशियों एवं समर्थकों की ओर विजयी जुलूस निकालने, ढोल-नगाड़े बजाने  एवं आतिशबाजी चलाने पर भी  पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। जनपद में कानून एवं  शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 अप्रैल तक दंड प्रक्रिया संहिता की धारा  144 लागू कर दी गई है।  जनपद की सीमा में प्रवेश, निवास एवं विचरण करने  वाले लोगों पर निषेधाज्ञा  आदेश लागू होगा। इसके अंतर्गत किसी भी प्रकार का  आग्नेयास्त्र अथवा  विस्फोटक सामग्री, गोला बारूद, लाठी, डंडा लेकर न तो कोई भ्रमण करेगा और न ही  उसका प्रदर्शन करेगा। जनपद की सीमा में ध्वनि विस्तारक  यंत्र, डीजे अथवा  पटाखे आदि का प्रयोग नहीं किया जाएगा। आदेशों की  अवहेलना भारतीय दंड  संहिता की धारा 188 के अन्तर्गत दंडनीय अपराध होगा। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर के अलावा जिले के संवेदनशील स्थलों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। झगड़ा-झंझट की स्थिति में पुलिस खुराफात करने वालों से कड़ाई से पेश आएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें