बदायूं/ बिसौली। बिसौली कस्बे में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की घोर लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने जिन संदिग्ध लोगों को होम क्वांरटीन कराया था, उनमें तीन कोरोना पॉजिटिव निकले। रिपोर्ट आने से कुछ घंटे पहले एक तो स्टेट बैंक की शाखा पर पहुंच कर करीब एक घंटे तक वहां रहा। उसने रुपये निकाले और कुछ रुपये ट्रांसफर भी किए। इससे बैंक अधिकारियों में खलबली मच गई। इसके बाद बैंक को सैनिटाइज कराया गया है।
मुरादाबाद में मृत कोरोना पॉजिटिव को दफनाने में जो भी लोग शामिल हुए। उनमें कई लोगों में संक्रमण निकल रहा है। सोमवार की रात आई रिपोर्ट में भी वही लोग कोरोना पॉजिटिव निकले, जो मृतक को दफन करने के दौरान मौजूद थे। वैसे तो ये लोग होम क्वांरटीन थे, लेकिन सोमवार दोपहर एक युवक नगर की भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में पहुंच गया। उसने कुछ रुपये निकाले और कुछ रुपये ट्रांसफर भी किए। शाम को रिपोर्ट आई कि वह कोरोना पॉजिटिव था। जब इसके बारे में बैंक अधिकारियों को पता चला तो खलबली मच गई। सुबह बैंक अधिकारियों ने प्रशासनिक और नगर पालिका प्रशासन को सूचना दी कि बैंक को सैनिटाइज कराया जाए, लेकिन दोपहर तक ऐसे ही कार्य चलता रहा। दोपहर के समय बैंक को सैनिटाइज कराया गया। तब कहीं कर्मचारियों और अधिकारियों की सांस में सांस आई।
हमें पता चला कि सोमवार को जो व्यक्ति बैंक आया था, वह कोरोना पॉजिटिव था। उसकी रिपोर्ट शाम के समय आई थी। उसने कुछ रुपये निकाले थे और कुछ रुपये ट्रांसफर भी किए थे। इस पर हमने प्रशासनिक और नगर पालिका अधिकारियों को सूचना दी थी, जिस पर मंगलवार को बैंक को सैनिटाइज कराया गया है। - धर्मेंद्र कुमार, कैशियर, एसबीआई शाखा बिसौली
मुसीबत बन सकता है होम क्वांरटीन लोगों का घूमना
एक-दूसरे के संपर्क में आने वालों को जिला प्रशासन होम क्वांरटीन करा देता है, लेकिन बिसौली जैसे कस्बे में होम क्वांरटीन लोग भी घर से बाहर घूम रहे हैं। ये लोग अन्य लोगों के लिए मुसीबत बन सकते हैं। अगर संक्रमित हुए तो कोरोना फैलना निश्चित है।
वकील बोले- खुद जाकर कराया था सैंपल
शहर के मोहल्ला पटियाली सराय निवासी वकील व पूर्व नगर पालिका सदस्य को कोरोना पॉजिटिव होने के चलते कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वकील की पत्नी, बेटी तथा बेटा भी पॉजिटिव निकले हैं। पहले पत्नी और बेटी तथा बाद में वकील स्वयं व उनका बेटा पॉजिटिव पाए गए थे। वकील ने बताया कि उनकी पत्नी का इलाज दिल्ली चल रहा है। पिछले दिनों वह दिल्ली गई थीं। वहां से लौटने के बाद वह खुद उन्हें सैंपल कराने ले गए थे। जब पत्नी पॉजिटिव आईं तो उन्होंने सावधानी के तौर पर सबका सैंपल कराया। अपना सैंपल देने भी वह खुद गए थे। उन्होंने बताया कि वह लगभग एक पखवाड़े से ज्यादा समय से इसी कारण कचहरी तक नहीं गए हैं।