बदायूं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार शाम आई रिपोर्ट में 224 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5895 हो गई है। फिलहाल सभी मरीजों को होम क्वारंटीन किया गया है, जबकि 68 गंभीर मरीजों का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
बृहस्पतिवार को जिले भर में कैंप लगाकर कोरोना जांच कराई गई। सुबह से शाम तक 2072 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें 951 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए हैं। जबकि 1121 सैंपलों की एंटीजन जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में 224 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इनमें उसावां कस्बे में एसबीआई के कैशियर और स्वास्थ्य केंद्र के ड्राइवर भी शामिल हैं।
इधर, शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या और बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को 122 लोग कोरोना संक्रमित निकले। जबकि दातागंज में 44, उझानी में 10, सालारपुर में आठ, बिसौली में छह, वजीरगंज में पांच, उसावां में चार, अंबियापुर में तीन, सहसवान और म्याऊं में दो-दो पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके अलावा गैर जिलों के 11 लोग संक्रमित पाए गए हैं। फिलहाल सभी को होम क्वारंटीन किया गया है।
संक्रमित मरीजों को अस्पताल पहुंचाने को 19 एंबुलेंस लगाईं
जिला प्रशासन ने होम क्वांरटीन मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 18 कोविड 108 एंबुलेंस और एक अतिरिक्त एंबुलेंस लगाई है। अगर होम क्वांरटीन मरीजों की हालत बिगड़ती है तो वह एंबुलेंस को फोन कर मदद मांग सकते हैं।