बदायूं। शुक्रवार को जेल स्टाफ के हेड वार्डर और नौ बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सभी बंदियों को अलग बैरक में व जेल वार्डर को उनके आवास पर क्वारंटीन किया गया। जेल को सैनिटाइज किया गया है।
शुक्रवार को जिले में कुल 23 कोरोना पॉजिटिव निकले जबकि 197 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक उसावां ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम नरपत नगला में एक सेवानिवृत शिक्षक, सिसौरा गांव में एक आशा संगनी पॉजिटिव पाई गई है जबकि वजीरगंज कस्बे में सात, सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र में एक, आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र में एक, शहर में एक और एक पॉजिटिव अज्ञात पाया गया है। उसका नाम पता नहीं चला है। वहीं, दस कोरोना पॉजिटिव जिला कारागार में पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला कारागार के स्टाफ व बंदियों का सैंपल लिया था। उनकी रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से जांच की गई तो जेल के हेड वार्डर और नौ बंदी कोरोना पॉजिटिव मिले। ऐसे में जेल प्रशासन भी बचाव की मुद्रा में आ गया। कहा कि बंदियों से मुलाकात बंद है। जो मुलाकाती आते हैं, उनसे सामान लेकर उसे सैनिटाइज करवा कर बंदियों तक पहुंचाया जाता है। वहीं, संक्रमित निकले दो बंदी ऐसे हैं जिनका अलीगढ़ और आगरा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उनका मेडिकल कॉलेज में आना जाना रहता है। अनुमान है कि उनके द्वारा संक्रमण जेल पहुंचा है। उसके अलावा जेल के दो लंबरदार बंदी संक्रमित निकले हैं। जेल प्रशासन ने सभी संक्रमित बंदियों को बैरक में क्वांरटीन करा दिया है। जेल वार्डर को उनके आवास में क्वारंटीन किया गया है। जेल को सैनिटाइज किया गया है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आकर रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से बंदियों की कोरोना संक्रमण की जांच की जिसमें जेल स्टाफ का हेड वार्डर और नौ बंदी संक्रमित निकले हैं। सभी को क्वांरटीन करा दिया गया है। जेल को सैनिटाइज कराया गया है। अनुमान है कि जो बंदी दवा लेने जाते हैं कि उन्हीं के माध्यम से संक्रमण आया है, क्योंकि वो भी संक्रमित निकले हैं।
आदित्य कुमार, जेलर जिला कारागार
आज 220 सैंपलों की रिपोर्ट आई है, जिसमें 197 सैंपल निगेटिव निकले हैं। इनमें दस पॉजिटिव जिला कारागार में मिले हैं। बाकी 13 जिले के अलग-अलग इलाकों में मिले हैं। सभी पॉजिटिव आसरा आवास भेजे जा रहे हैं। शुक्रवार को 748 सैंपल जांच को भेजे गए हैं।
डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ