बदायूं। मंगलवार देर रात प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को एक राहत देने वाली खबर सामने आई है। बिसौली के संग्रामपुर और लक्ष्मीपुर के पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने वाले निगेटिव निकले हैं। इनमें कुछ संदिग्धों की सोमवार देर रात रिपोर्ट आई थी। तो वहीं बाकी संदिग्धों की मंगलवार देर रात रिपोर्ट आ गई। सभी संदिग्ध निगेटिव निकले हैं।
21 मई को बिसौली के संग्रामपुर में 11 और लक्ष्मीपुर में एक कोरोना पॉजिटिव समेत 17 कोरोना पॉजिटिव मरीज निकले थे। जब दूसरे दिन इनकी हिस्ट्री खंगाली गई तो संग्रामपुर के 67 और लक्ष्मीपुर के पांच संदिग्ध सामने आए थे। इनमें कोरोना पॉजिटिव निकले मरीजों के परिवार से 42 लोग थे। जबकि 30 लोग ऐसे थे, जो प्राइवेट वाहनों या पैदल चलकर इन गांव में पहुंचे थे। 22 मई को यहां से करीब 72 सैंपल और पूरे जिले से 82 सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे। इसके दूसरे दिन 125 सैंपल जांच को भेजे गए। जबकि 24 मई को 18, 25 मई को 40 और 26 मई को 33 सैंपल जांच को भेजे गए हैं। इस समय कुल 110 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। सोमवार रात 198 और मंगलवार रात 31 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। ये सभी सैंपल रिपोर्ट निगेटिव निकली है। अब तक करीब 1460 लोगों के सैंपल लेकर जांच कराई जा चुकी है, जिनमें 35 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इनमें सोलह मरीज स्वस्थ्य होकर अपने-अपने घर पहुंच चुके हैं। जबकि 19 मरीजों का इलाज चल रहा है।
आज 31 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई है। सभी सैंपल निगेटिव निकले हैं। जबकि आज 33 सैंपल जांच को भेजे गए हैं। इस समय 110 सैंपल रिपोर्ट आना बाकी है। वे भी एक-दो दिन में आ जाएंगी। - डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ