बदायूं। जिले के कोरोना पॉजिटिव तीन और मरीजों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। इससे दो दिन पहले मां-बेटा समेत पांच मरीजों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई थी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दूसरी जांच के लिए अब आठ मरीजों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं लेकिन अभी उनकी दूसरी रिपोर्ट नहीं आई है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद जिले के तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज शेष बचेंगे।
कोरोना वायरस ने जिले में एक-एक करके 16 लोगों को निशाना बना लिया। सबसे पहले छह अप्रैल को सहसवान की मक्का मस्जिद में मुंबई का युवक कोरोना संक्रमित मिला था। 10 अप्रैल को महाराष्ट्र के चित्तूर का युवक भवानीपुर खल्ली में संक्रमित मिला। जबकि 14 अप्रैल को शहर के जालंधरी सराय और भवानीपुर खल्ली में, 15 अप्रैल को मुंबई के युवक का दूसरा साथी कोरोना पॉजिटिव मिला था। ये लोग अब पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। इन्हें बरेली के अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जबकि 18 अप्रैल को शहर के मथुरिया चौराहा निवासी मां-बेटे समेत एक नेपाली पॉजिटिव निकला था। 19 अप्रैल को जालंधरी सराय के संक्रमित युवक के मां-भाई और दो रिश्तेदार समेत भवानीपुर खल्ली का एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया था। बताते हैं कि दो दिन पहले मथुरिया चौराहे के मां-बेटे समेत पांच लोगों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन अब 19 अप्रैल को संक्रमित निकले सभी लोगों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। इनकी दूसरी जांच के लिए सैंपल भेजे जा चुके हैं।
फिलहाल 25 अप्रैल को संक्रमित निकले बैंक अधिकारी और 27 अप्रैल को भवानीपुर खल्ली में पॉजिटिव निकले एक महिला, एक बालक बरेली में इलाज चल रहा है।
जिले के तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। अब तक आठ मरीजों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। इनकी दूसरी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दूसरी रिपोर्ट आने के बाद जिले में कुल तीन केस शेष रह जाएंगे। ये जिले के लिए बहुत बड़ी राहत होगी। - कुमार प्रशांत, डीएम
जांच को भेजे 22 सैंपल
बदायूं। मंगलवार को जिले से 22 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए। ये संदिग्ध शहर के आसपास शेल्टर होम में रुके हैं। जिन्हें सर्दी बुखार होने पर जिला अस्पताल भेजा गया था। इनके सैंपल लिए गए हैं। सोमवार को एक भी सैंपल नहीं लिया गया था। रविवार को 12 सैंपल जांच को भेजे गए। अब कुल 34 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी है।