बदायूं। कई देशों में फैला कोरोना वायरस अब लोगों के लिए खौफ बनता जा रहा है। तो वहीं लोगों ने इससे बचाव के लिए सावधानियां बरतनी शुरू कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अलावा प्रत्येक विभाग के अधिकारी कर्मचारी अब सैनिटाइजर प्रयोग कर रहे हैं। इसके चलते जनपद न्यायालय को सैनिटाइजर करने के आदेश दिए गए हैं। उसके पांचों गेट पर थर्मल स्कैनर लगाए जाएंगे। जिससे वायरस ग्रस्त और स्वस्थ व्यक्ति की अलग-अलग पहचान हो सके।
मंगलवार को जिला जज रमेश चंद्र दिवाकर ने कोरोना वायरस से सुरक्षा व्यवस्था को देखते सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह को न्यायालय बुलाया था लेकिन वह आवश्यक कार्य से बिसौली में थे। इससे जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुकुमार अग्रवाल न्यायालय पहुंचे। इस पर जिला जज ने हाईकोर्ट के आदेश बताते हुए कहा कि जनपद न्यायालय के पांच गेट हैं। इस समय कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में न्यायालय और न्यायालय आने वाले लोग भी सुरक्षित रहें। इसलिए पांचों गेट पर थर्मल स्कैनर लगाए जाएं, जिससे एक स्वस्थ व्यक्ति और विषाणु ग्रस्त व्यक्ति की पहचान हो सके। बाद में विषाणु ग्रस्त मरीज से दूसरे लोगों की सुरक्षा की जा सके। इसके अलावा न्यायालय परिसर सैनिटाइजर किया जाए। जिला जज के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से सीएमओ एक पत्र जारी हुआ है। जिसमें थर्मल स्कैनर लगाने और न्यायालय परिसर सैनिटाइजर कराने को कहा गया है।
21 मार्च तक होंगे अति आवश्यक कार्य
कोरोना वायरस के चलते हाईकोर्ट ने आदेश दिए हैं कि न्यायालय में 21 मार्च तक अति आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं। इस दौरान अपर जिला सत्र न्यायाधीश के मामले जिला जज सुनेंगे। मजिस्ट्रेट के मामले सीजेएम और दीवानी के सभी मामले सिविल जज सीनियर डिवीजन और जूनियर डिवीजन सुनेंगे।
कोरोना से बचाव करें या अवकाश करें घोषित
दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष नृपेंद्र सिंह ने हाईकोर्ट को एक पत्र लिखकर मांग की है कि या तो न्यायालय परिसर में कोरोना से पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराई जाए या फिर न्यायालय में अवकाश घोषित किया जाए।
आज जिला जज ने न्यायालय बुलाया था। उन्होंने कहा है कि न्यायालय के पांचों गेट पर थर्मल स्कैनर लगाए जाएं और न्यायालय परिसर में सैनिटाइजरेशन कराया जाए। हमने सीएमओ को एक पत्र लिख दिया है। इसकी व्यवस्था वहीं से होगी।
- डॉ. सुकुमार अग्रवाल, सीएमएस जिला अस्पताल
जिला कारागार के प्रत्येक बैरक में कोरोना से बचाव के लिए सैनिटाइजर रखवा दिए गए हैं। बंदी उसका प्रयोग भी कर रहे हैं लेकिन मुलाकात बंद होगी या नहीं। इस संबंध में कोई निर्देश नहीं आए हैं।
- आरके मिश्रा, प्रभारी जेलर