बदायूं। जिले में फैला कोरोना संक्रमण लगातार लोगों की जान ले रहा है। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार शाम तक 14 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। उनके अलग-अलग स्थानों पर अंतिम संस्कार किए गए हैं। इनमें एक इस्लामनगर, कादरचौक, शहर और राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौतें हुईं हैं।
इस्लामनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीपाल सिंह (75) कोरोना संक्रमित थे। कुछ दिन से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इससे परिवार वाले उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। बताते हैं कि वह जिला पंचायत सदस्य भी रहे थे। करीब 30 साल तक उनके परिवार के लोग ब्लॉक प्रमुख रहे। उन्होंने एक बार अपने नौकर को भी ब्लॉक प्रमुख बनाया था। इधर, कादरचौक कस्बे में एक कपड़ा व्यापारी की कोरोना से मौत हुई है। कपड़ा व्यापारी रामूर्तिलाल का कस्बे में कपड़े का शोरूम है। कुछ दिन पहले उनके छोटे बेटे ने कोरोना से दम तोड़ दिया था। वहीं एनएमएसएन दास कॉलेज के प्राचार्य सुनील कुमार सक्सेना के छोटे भाई अनूप कुमार सक्सेना का बरेली में कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। वह महर्षि विद्या मंदिर में अध्यापक थे। उनकी पत्नी राधा सक्सेना अधिवक्ता हैं। उनके अलावा मधुवन कॉलोनी निवासी एक युवक की शुक्रवार रात बरेली में मौत हो गई। तो वहीं मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर निवासी एक व्यक्ति राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात से लेकर शनिवार शाम तक करीब सात लोगों की मौत हो गई।