बदायूं। कोरोना संक्रमण से एक कपड़ा व्यापारी समेत दो लोगों की मौत हो गई। कपड़ा व्यापारी का बरेली और दूसरे युवक का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। दोनों के परिवार वालों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया है।
कादरचौक निवासी अनुज गुप्ता (22) कपड़ा व्यापारी थे। कादरचौक में उनका शोरूम है। बताते हैं कि अनुज गुप्ता करीब एक सप्ताह पहले कोरोना संक्रमण की चपेट में आए थे। इससे परिवार वाले उन्हें बरेली ले गए थे। उनका बरेली के मिशन हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। दोपहर के समय परिवार वाले उनके शव को बदायूं लाए। उनका कादरगंज गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया है। इधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात एक युवक की मौत हो गई। बताते हैं कि युवक की मां भी संक्रमित थी। दो दिन पहले उनकी भी मौत हो गई थी।