78 नए संक्रमित मिले, सक्रिय रोगियों की संख्या 833 हुई
निर्वाचन कार्यालय में फैला संक्रमण, जीआरपी थाने में भी रोगी मिले, 117 रोगी स्वस्थ हुए, नए मरीजों में कई कोरोना योद्धा भी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। निर्वाचन कार्यालय में भी कोरोना संक्रमण फैल गया है। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में निर्वाचन कार्यालय में तैनात पांच कर्मचारी संक्रमित निकले हैं। शुक्रवार को जिले में 78 नए रोगी मिले हैं। इनमें 31 शहर के हैं। संक्रमितों में जीआरपी जवान, होमगार्ड, सीएमओ ऑफिस के कर्मचारियों के साथ उझानी सीएचसी, राजकीय मेडिकल कॉलेज के लोग भी शामिल हैं। शुक्रवार को जिले में 117 रोगी स्वस्थ भी हुए हैं। अब सक्रिय संक्रमित रोगियों की संख्या 833 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को जिले में 2924 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें 1463 लोगों की आरटीपीसीआर और 1521 लोगों की एंटीजन जांच की गई। इनमें कुल 78 संक्रमित निकले। बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को मिले संक्रमितों की संख्या काफी कम है। बृहस्पतिवार को 191 रोगी मिले थे। शुक्रवार को मिले नए 78 रोगियों के संपर्क में आने वाले 140 लोगों को ट्रेस किया गया है। शुक्रवार को मिले रोगियों में पांच कर्मचारी निर्वाचन कार्यालय के भी शामिल हैं। यहां संक्रमित मिलने के बाद पूरे निर्वाचन कार्यालय के सैंपल लिए गए हैं। शनिवार को इनकी जांच रिपोर्ट आएगी। जीआरपी थाने के सिपाही के संपर्क में आने वालों के सैंपल भी लिए गए हैं।
शुक्रवार को शहर में 31, उझानी में 19, बिसौली में 10 उसावां में पांच ओर दातागंज में चार रोगी मिले हैं। इसके साथ ही जगत, सहसवान, अंबियापुर और म्याऊ में भी नए रोगी मिले हैं। कुल मिले 78 रोगियों में 15 ऐसे रोगी भी हैं जिनको पता और मोबाइल नंबर गलत होने के कारण ट्रेस नहीं किया जा सका है। शहर के शहवाजपुर, नई सराय, सोथा मोहल्ला, पंजाबी मोहल्ला, जोगीपुरा, सिविल लाइंस इलाकों में शुक्रवार को नए संक्रमित मिले हैं।
-
नए संक्रमितों में कम हुई बच्चों की संख्या
शुक्रवार को मिले नए संक्रमितों में बच्चों की संख्या पिछले तीन दिनों के मुकाबले कम हो गई है। शुक्रवार को मिले संक्रमितों में 11 से 18 वर्ष आयु वर्ग के पांच लोग ही शामिल हैं। मंगलवार और बुधवार को मिले संक्रमितों में इस आयु वर्ग की संख्या 25 थी। ट्रेसिंग में पाया गया है कि बच्चों और किशोरों को संक्रमण उनके परिवार में ही किसी संक्रमित के संपर्क में आने के कारण हो रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि शुक्रवार को मिले संक्रमितों में 90 फीसदी ऐसे लोग हैं जो कोरोना का टीका लगवा चुके हैं। शुक्रवार को 117 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। यह संक्रमित भी टीका लगवा चुके थे। टीकाकरण करा चुके संक्रमित तेजी से स्वस्थ्य हो रहे हैं।
-
शुक्रवार को जिले में 78 संक्रमित मिले हैं। सबसे ज्यादा संक्रमित चुनाव कार्यालय में निकले हैं। ट्रेसिंग के बाद यहां सैंपल लिए गए हैं। शुक्रवार को 117 संक्रमित स्वस्थ भी हो गए हैं। टीका लगवाने के बाद भी जो लोग संक्रमण का शिकार हो रहे हैं वह काफी तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। -डॉ. रजनीश शर्मा, कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर कोविड-19