बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव की मौत हो गई। उसे दोपहर के समय कॉलेज लाया गया था। शाम तक उसकी जांच कराई गई लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया। उसके शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया गया है, तो वहीं देर रात आई रिपोर्ट में 15 कोरोना पॉजिटिव और निकले हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रविवार रात 78 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इसमें 15 सैंपल कोरोना पॉजिटिव और 63 सैंपल निगेटिव निकले हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलग-अलग स्थानों पर रवाना हुईं थीं। सुबह से लेकर शाम चली सैंपलिंग में पंद्रह लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें दातागंज में एक, कादरचौक इलाके में तीन, दहगवां में दो पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि शहर के आवास विकास मोहल्ले में एक, लोटनपुरा में एक, काजी टोला टॉवर वाली गली में तीन और विजय नगर मोहल्ले में एक पॉजिटिव पाया गया है। इसके साथ ही ओवर ब्रिज के नजदीक एक्सिस बैंक के दो कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों कर्मचारियों के रविवार दोपहर सैंपल लिए गए थे। जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शाम तक जिले में 501 सैंपल एकत्र हुए। जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।
इधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज में रविवार दोपहर शहर के एक व्यक्ति को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। बताते हैं कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने उसका सैंपल लेकर जांच कराई गई। देर शाम जब तक उसकी रिपोर्ट आई, तब तक उसकी मौत हो गई। कॉलेज के चिकित्सकों ने पॉजिटिव के शव को पीपीई किट में पैक करके दे दिया है।