बदायूं। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण का असर इस बार तीज त्योहारों पर भी पड़ा है। इससे पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। एक दिन पहले डीएम कुमार प्रशांत ने साफ तौर पर कहा था कि अपने त्योहार घर की चहारदीवारी के अंदर मनाएं। बाकी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर ली है। संबंधित पुलिस ईद पर अपने-अपने इलाके में भ्रमणशील रहेगी। संवेदनशील इलाके में क्यूआरटी और पीएसी तैनात रहेगी।
इस बार बकरीद का त्योहार घर के अंदर ही मनाया जाएगा। शहर से लेकर गांव-देहात तक की सड़कों पर लॉकडाउन जैसी स्थिति रहेगी। कुर्बानी हो या ईद मिलन, या फिर कोई अन्य त्योहार घर से बाहर मनाने की इजाजत नहीं है। जिले में वैसे भी कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिला प्रशासन के लिए ये चिंता का विषय है, तो वहीं जनता को संक्रमण से बचाने के लिए जिला प्रशासन दिन-रात मेहनत कर रहा है। चूंकि ईद आपसी प्रेम और सौहार्द का त्योहार है। लोग गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएं देते हैं लेकिन इस बार गले मिलकर ईद की बधाई नहीं दे सकेंगे। अगर ऐसा हुआ तो बधाई के साथ कोरोना संक्रमण भी बंटेगा।
लोग एक-दूसरे के नजदीक नहीं आएं। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने पहले से तैयारी कर ली है। थानों में पीस कमेटी की बैठक कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, तो वहीं थाना पुलिस को सचेत कर दिया गया है कि वह खासतौर पर संवेदनशील इलाकों पर नजर रखें। ईद के दिन संवेदनशील इलाके में क्यूआरटी और पीएसी तैनात रहेगी। इसके अलावा थाना पुलिस भ्रमणशील रहेगी। खुराफात करते पकड़े गए तो कार्रवाई निश्चित है।
-ईद का त्योहार घर के अंदर ही मनाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां कर ली गई हैं। सभी थानों की पुलिस को बता दिया गया है कि वह अपने-अपने इलाके में नजर रखे। कोई भी खुराफात या अफवाह फैलाता हुआ पाया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- प्रवीण सिंह चौहान, एसपी सिटी