उझानी (बदायूं)। अब्दुल्लागंज के श्री सालिकराम आदर्श इंटर कॉलेज के करीब 18 सौ छात्र और छात्राओं का हाईस्कूल और इंटर का रिजल्ट रोके जाने के मामले में तीसरे दिन भी कोई नतीजा सामने नहीं आया। सोमवार को कई छात्र और छात्राएं कॉलेज पहुंचे और प्रबंधक के सामने अपना पक्ष रखा। प्रबंधक की ओर से हालांकि उन्हें शांत रहने का भरोसा दिलाया गया लेकिन उन्हें यह भी बताया गया कि किसी का भी भविष्य खराब नहीं होगा। जेडी की जांच रिपोर्ट मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शनिवार को पूरे प्रदेश के कॉलेजों का हाईस्कूल और इंटर रिजल्ट जारी किया था लेकिन अब्दुल्लागंज के श्री सालिकराम आदर्श इंटर कॉलेज के परीक्षा परिणाम पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद से पसोपेश में पड़े छात्र और छात्राओं में से कई बच्चे सोमवार को कॉलेज पहुंचे। प्रबंधक के सामने बच्चों का तो यही कहना था कि संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) ने जांच में भले ही जो पाया लेकिन लेकिन पूरे मामले में किसी भी परीक्षार्थी का कोई दोष नहीं रहा। विभागीय अफसरों को अगर कोई खामी मिली तो उसे परीक्षा से पहले या फिर परीक्षा के दौरान पूरा करा लेेना चाहिए था। कॉलेज प्रबंधक राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने विभाग के अफसरों से बात की है। फिलहाल, जेडी की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिजल्ट जारी कराने के लिए वह माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव से लेकर अन्य अफसरों के सामने भी अपना पक्ष रखेंगे। रिजल्ट हर हाल में जारी होगा। बता दें कि कॉलेज के हाईस्कूल और इंटर के पंजीकृत छात्र और छात्राओं ने जिले के तीन केंद्रों पर परीक्षा दी थी। छात्राओं का स्वकेंद्र सालिकराम कॉलेज रहा था।