फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाहर से आने वाले संदिग्धों का अस्पताल में लिया जाएगा सैंपल, खुलेगा कलेक्शन सेंटर

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। जिले में लगातार कोरोना वायरस का खतरा बढ़ रहा है। इससे जिले के अधिकतर इलाके हाटस्पॉट बन चुके हैं। रोजाना सैंपल भी कराये रहे हैं। इसके बावजूद कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। ऐसे माहौल को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर जिला अस्पताल में कोरोना सैंपल कलेक्शन सेंटर खोलने का निर्णय लिया है। यहां बाहर से आने वाले संदिग्ध लोग सीधे अपना सैंपल करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें कहीं भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए जिला अस्पताल में कोरोना वार्ड के पीछे जगह चिह्नित की गई है।
विज्ञापन

अब तक जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में ही सैंपल लिए जा रहे थे। इसके अलावा सीएमओ के अधीन टीमें हाटस्पॉट मोहल्लों में जाकर संदिग्धों के सैंपल लेती हैं। पहले एक सर्वे करा लिया जाता है, उससे पता चल जाता था कि हाटस्पॉट इलाके में कितने संदिग्ध हैं। फिर उन्हें एक जगह एकत्र किया जाता है। उसके बाद एक-एक करके उनके सैंपल कराये जाते हैं। इस व्यवस्था में होम क्वांरटीन या संदिग्ध लोगों को कहीं भागने की जरूरत नहीं पड़ी लेकिन स्वास्थ्य टीमों को पसीना जरूर बहाना पड़ा। हालांकि ये सैंपल एक साथ ही जिले से जांच को भेजे जाते हैं लेकिन इसके लिए कोई स्थायी सेंटर नहीं है।
इस समस्या पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के बीच काफी समय से मंथन चल रहा था। जो अब जाकर फाइनल हो चुका है। जिला अस्पताल में कोरोना वार्ड के पीछे एक कोरोना सैंपल कलेक्शन सेंटर खोला जाएगा। यहां बाहर से आने वाले लोग स्वयं अपना सैंपल करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें कहीं भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे सैंपलों की संख्या बढ़ेगी ही, साथ ही संदिग्ध लोगों की स्क्रीनिंग भी जल्द हो सकेगी और उनकी बीमारी पता चलेगी।
विज्ञापन

सीडीओ निशा अनंत ने किया मुआयना
जिला अस्पताल में खोले जा रहे कोरोना सैंपल कलेक्शन सेंटर की जगह का सीडीओ निशा अनंत ने मुआयना किया। उन्होंने कोरोना वार्ड के पीछे की बिल्डिंग देखी और कहा कि यहां जल्द से जल्द व्यवस्थाएं पूरी की जाएं, जिससे लोगों के जल्द से जल्द यहां सैंपल कराये जा सकें। उन्होंने बिल्डिंग और उसके आसपास साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा है। ये भी बताया कि यहां कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए। जिससे संदिग्ध मरीजों को बैरंग लौटना न पड़े।
4848 लोगों के सैंपल भेजे जा चुके हैं
जिले में अब तक 4848 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे जा चुके हैं, जिनमें 400 सैंपल की रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं 4448 सैंपल की जांच कराई जा चुकी है। इनमें सौ से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बाकी निगेटिव निकले हैं। इसके अलावा चार पॉजिटिव मरीज अन्य निकले हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग या तो बाहर का बताया था या फिर उनकी जांच प्राइवेट लैब से कराई गई थी।
ट्रूनेट जांच मशीन से निकल चुके हैं चार कोरोना पॉजिटिव
जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में लगी ट्रूनेट मशीन से भी लगातार जांचें हो रहीं हैं। इससे अब तक करीब 60 संदिग्ध लोगों की जांच हो चुकी है। जिनमें चार कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। जबकि एक कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला की मौत हो चुकी है। एक दिन पहले ट्रूनेट मशीन की जांच में निकले कोरोना पॉजिटिव का सैंपल लेकर बरेली आईवीआरआई को भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट आना बाकी है।
जिला अस्पताल में कोरोना वार्ड के पीछे एक कोरोना सैंपल कलेक्शन सेंटर खोला जाएगा। सीडीओ निशा अनंत इस जगह का मुआयना कर चुकी हैं। उसमें साफ सफाई कराई जा रही है। सैंपल कलेक्शन करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। बाकी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रहीं हैं।
विज्ञापन

- डॉ. सुकुमार अग्रवाल, सीएमएस, जिला अस्पताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें