दातागंज (बदायूं)। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम भटौली में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराए जा रहे सर्वे में कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। न ही कोई मोबाइल नंबर ट्रेस हो सका है। आरोग्य सेतु एप पर कोरोना अलर्ट संदेश आने के बाद शासन- प्रशासन में हड़कंप मच गया था। इससे माना जा रहा है कि किसी ने एप पर गलत एंट्री भर ली होगी, जिससे एप गांव में कोरोना संक्रमित दिखा रहा है।
शुक्रवार दोपहर भटौली गांव में राशन वितरण के दौरान राशन डीलर और वितरण अधिकारी के मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप पर एक अलर्ट मैसेज आया था कि एक किलोमीटर के दायरे में कोई कोरोना संक्रमित है। इसकी सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह के आदेश पर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगा दी गई थी। गांव में घर-घर जाकर सर्वे कराया जा रहा था जिससे कोरोना संक्रमित का पता लगाया जा सके। यह सर्वे शनिवार दोपहर तक चला लेकिन गांव में कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं निकला। कोई मोबाइल नंबर भी ट्रेस नहीं हुआ है। इसके बावजूद गांव में आरोग्य सेतु एप एक कोरोना संक्रमित होने का दावा कर रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि किसी ने आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के बाद उसमें गलत जानकारी प्रविष्ट की होगी। जिससे भटौली में एक कोरोना संक्रमित होने का मैसेज आ रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव में सर्वे किया है लेकिन कोई व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला है। शनिवार दोपहर तक यह काम जारी रहा। लग रहा है कि किसी ने गलत जानकारी एप पर डाली होगी, जिससे एक कोरोना संक्रमित होने का मैसेज आ रहा है। - कुंवर बहादुर सिंह, एसडीएम