बदायूं। सहसवान में कोरोना पॉजिटिव का मामला सामने आने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है। स्वास्थ्यकर्मियों को अब ज्यादा सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्धों के इलाज और उनके सैंपल लेने को लगाए गए कर्मचारी ज्यादा नजदीक नहीं जाएंगे। इसके लिए एक बॉक्स का इंतजाम किया गया है। जो भी कर्मचारी सैंपल लेगा, वह बॉक्स में खड़े होकर सैंपल एकत्र करेगा।
जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड को सोमवार शाम ही सील कर दिया गया था। इसके आसपास पहले से बैरिकेडिंग है। इधर किसी मरीज या तीमारदार को जाने की अनुमति नहीं है। सैंपल लेने वाले लैब टेक्नीशियन और चिकित्सकों को पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही एक ऐसे बॉक्स का इंतजाम किया गया है, जिसके माध्यम से लैब टेक्नीशियन संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेगा। सीएमएस डॉ. सुकुमार अग्रवाल के मुताबिक यह ऐसा बॉक्स है, जो चारों ओर से बंद है। आगे शीशा लगा हुआ है। पीछे की तरफ खिड़की बनी हुई है। इसे ‘कोविड डेस्क फॉर सैंपल कलेक्शन’ बॉक्स कहते हैं। इससे लैब टेक्नीशियन का बचाव होगा। सैंपल लेते समय संदिग्ध को छींक और खांसी आती है, जब टेक्नीशियन बॉक्स में खड़ा होगा तो उसके ऊपर वायरस का असर नहीं होगा। बाद में बॉक्स को सैनिटाइज कर दिया जाएगा।
कोरोना वायरस फैलने के बाद से कोविड डेस्क फॉर सैंपल कलेक्शन बॉक्स प्रदेश के अस्पतालों में लगाए जा रहे हैं। यहां भी एक पॉजिटिव केस सामने आया है। इससे बॉक्स का इंतजाम किया गया है। यह एक और सुरक्षा कवच के रूप में काम करेगा।
- डॉ. सुकुमार अग्रवाल, सीएमएस जिला अस्पताल
जिला अस्पताल पहुंचे जेडी हेल्थ, दिए दिशा निर्देश
बदायूं। मंगलवार दोपहर जिला अस्पताल पहुंचे जेडी हेल्थ हरीश चंद्रा ने डब्ल्यूएचओ की नई गाइडलाइन के अनुसार चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना पॉजिटिव मरीज जिले के अस्पताल में नहीं रखा जाएगा। इसके लिए मंडल स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। अगर कोई मरीज पॉजिटिव आता है तो उच्चाधिकारियों के आदेश पर ही उसे संबंधित अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी अपनी सुरक्षा को भी ध्यान में रखें। अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी एक निश्चित दूरी बनाएं रखें। संदिग्धों को पैकिंग वाला भोजन और पानी उपलब्ध कराएं। अति आवश्यकता पड़ने पर पीपीई किट पहनकर ही मरीज के नजदीक जाएं। निरीक्षण के बाद पीपीई किट को नष्ट करा दें।