उझानी (बदायूं)। गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली आदि राज्यों से कछला इलाके में लौटे लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को कछला कस्बे के 65 लोग और सामने आए जो बाहर से आए हैं। अब कछला इलाके में बाहर से लौटने वाले लोगें की संख्या दो सौ से अधिक हो गई है। इन सभी को होम क्वारंटीन किया गया है, जिनमें एक दर्जन महिलाएं भी शामिल हैं।
कछला में बुधवार को भी दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोगों का घर लौटने का सिलसिला जारी रहा। चिकित्साधिकारी डॉ. महेश प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से कस्बे के विभिन्न वार्डों में बुधवार दोपहर करीब एक बजे तक 65 लोगों को क्वारंटीन किया। हालांकि मेडिकल परीक्षण के दौरान किसी में भी कोरोना वायरस होने के लक्षण नहीं नहीं पाए गए।
इसके अलावा उझानी क्षेत्र के ग्राम टिमरुआ में 12, संजरपुर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में आठ, संजरपुर बालजीत में 35, फूलपुर में छह, मानकपुर में चार, अब्दुल्लागंज में सात और कठौली के 47 लोग शामिल हैं। कादरचौक के गांव बमनौसी में प्रधान विद्यम सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों को बुलाकर दो दर्जन लोगों का चेकअप कराया। उन सभी को क्वारंटीन किया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ. सुयश दीक्षित ने बताया कि बाहर से लौटने वाले जिन लोगों सूचना मिल रही है उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है।
डॉक्टरों को मानकपुर में लेनी पड़ी पुलिस की मदद
बाहर से घर लौट रहे लोगों के बारे में स्वास्थ्य विभाग को अधिकतर सूचनाएं ग्रामीणों और प्रधान के जरिये मिल रही हैं। मंगलवार रात चिकित्साधीक्षक को कुछ लोगों के मानकपुर गांव में लौटने की सूचना मिली। चिकित्साधीक्षक टीम के साथ मौके पर गए तो लोग विरोध करने पड़े , जिससे पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों का चेकअप किया।