उझानी उपकेंद्र पर शिकायत करने पहुंचे तेहरा के उपभोक्ता। संवाद
उझानी। तेहरा गांव में मंगलवार को ग्रामीणों ने 25 किलोवाट का ट्रांसफार्मर लौटवा दिया। उनका कहना था कि 25 किलोवाट का ट्रांसफार्मर लोड नहीं उठा पा रहा है। इसकी जगह पर अधिक किलोवाट का ट्रांसफार्मर लगाया जाए। इस संबंध में उपभोक्ताओं ने बुधवार को अफसरों से शिकायत भी की।
बिजली उपकेंद्र पर अधिशासी अभियंता अश्वनी वर्मा से मिलने पहुंचे उपभोक्ताओं ने उनके नहीं मिलने पर स्थानीय अफसरों को दिक्कतें बताईं। उपभोक्ता सोमेंद्र सिंह और अजीत यादव ने बताया कि गांव में 50 से अधिक कनेक्शन हैं। 25 किलोवाट का ट्रांसफार्मर लगा था, जो तीन-चार दिन पहले फुंक गया था। क्षमता वृद्धि की मांग की गई, जो पूरी नहीं हो पाई।
इससे पहले मंगलवार को अपराह्न बिजलीकर्मी 25 किलोवाट का नया ट्रांसफार्मर लेकर तेहरा पहुंचे तो ग्रामीणों ने उसे यह कहते हुए लगाने नहीं दिया कि 63 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
बाद में बिजलीकर्मी 25 किलोवाट का ट्रांसफार्मर लौटा ले गए। जेई रवि कुमार ने बताया कि क्षमता वृद्धि कर 63 किलोवाट के नये ट्रांसफार्मर के लिए पत्र भेजा जा चुका है। धनराशि स्वीकृत होने के बाद ही नया ट्रांसफार्मर मिलेगा। तब तक 25 किलोवाट का ट्रांसफार्मर ही लगाया जा सकता है।