स्वर्गीय श्रीरामपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय की बिल्डिंग। संवाद
बदायूं। दातागंज के उसावां में निर्माणाधीन राजकीय डिग्री कॉलेज के भवन का कार्य तेजी से चल रहा है। दो से तीन महीने के अंदर काम पूरा होने की संभावना है। अगले शैक्षिक सत्र में राजकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल सकेगा। डिग्री कॉलेज के बन जाने से तहसील क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को भटकना नहीं पड़ेगा।
शासन की ओर से प्रत्येक तहसील क्षेत्र में एक राजकीय महाविद्यालय खोले जाने की योजना को लागू किया गया है। इसके तहत दातागंज तहसील क्षेत्र के उसावां में स्वर्गीय श्रीरामपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय को शासन की ओर से हरी झंडी मिली। राजकीय महाविद्यालय के भवन का निर्माण सितंबर 2020 से चल रहा है। बीच में कोरोना आने के कारण काम बंद हो गया था। अब बताया जा रहा है कि दो-तीन महीने के अंदर भवन बनकर तैयार हो जाएगा। कार्यदायी संस्था के अनुसार फिनिशिंग का काम बाकी बचा है। इसे पूरा करने के बाद भवन कॉलेज प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। 9.12 करोड़ की लागत से बन रहे राजकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक सुविधायुक्त कक्ष बनाए गए हैं।
दातागंज, उसावां, ककराला के छात्र-छात्राओं फायदा होगा
-डिग्री कॉलेज बन जाने से उसावां, दातागंज के अलावा म्याऊं, आलापुर, ककराला आदि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को लाभ मिल सकेगा। यहां के छात्र-छात्राएं दूसरे जिलों या जिला मुख्यालय पढ़ाई करने के लिए जाते हैं। हालांकि क्षेत्र में कई प्राइवेट डिग्री कॉलेज हैं, लेकिन वहां पर फीस अधिक होने की वजह से कई बार छात्राओं को पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ती है।
निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब बिल्डिंग में फिनिशिंग का काम किया जा रहा है। जो दो से तीन माह में पूरा हो जाने की संभावना है। उसके बाद में हस्तांतरित करने का काम किया जाएगा।
-आशीष शर्मा, जेई , आवास एवं निर्माण खंड