उझानी में एमजीपी कॉलेज के मैदान में दर्शक दीर्घा निर्माण को खुदाई करती जेसीबी। संवाद
उझानी। महात्मा गांधी पालिका (एमजीपी) इंटर कॉलेज आने वाले दिनों में मिनी स्टेडियम की तरह दिखेगा। इसके लिए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा की सांसद निधि से दर्शक दीर्घा और ड्रेसिंग रूम का निर्माण शुरू हो गया है। निर्माण कार्य पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होंगे।
कस्बे के सबसे बड़े खेल मैदान के कायाकल्प के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सांसद निधि से 30.64 लाख रुपये अवमुक्त किए थे। मैदान परिसर में पहले से हालांकि टॉयलेट, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन क्रिकेट और फुटबॉल टूर्नामेंट समेत एथलेटिक्स की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के दौरान दर्शकों और खिलाड़ियों के बैठने के लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं थी। महीनों पहले खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री वर्मा से आयोजकों ने बेहतर सुविधाओं की मांग की थी।
कार्यदायी संस्था से जुड़े अरुण अग्रवाल ने बताया कि ड्रेसिंग रूम दर्शक दीर्घा के नीचे बनेगा। इसके लिए सोमवार सुबह निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। दर्शक दीर्घा में स्टेडियम की तरह सीमेंट की बेंच होंगी। करीब दो महीना में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। बता दें कि एमजीपी कॉलेज के इस मैदान पर क्रिकेट, फुटबॉल और तीरंदाजी के प्रदेश स्तरीय आयोजन भी हो चुके हैं। मैदान की देखरेख की जिम्मेदारी नगर पालिका से जुड़े एमजीपी कॉलेज की है। अन्य स्कूल और कॉलेज भी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं इसी मैदान पर आयोजित करते रहे हैं।
खेलकूद कमेटियों के पदाधिकारियों में खुशी का माहौल
एमजीपी कॉलेज के मैदान में खिलाड़ियों समेत दर्शकों को स्टेडियम जैसी सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर निर्माण कार्य शुरू होने जाने के बाद खेलकूद से जुड़ी कमेटियों के पदाधिकारियों में खुशी का माहौल है। गूंज के फाउंडर राजन मेंदीरत्ता और चेयरमैन किशनचंद्र शर्मा का कहना है कि इसका फायदा इलाके की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने में मिलेगा। क्रिकेटर योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस मैदान पर हर साल ही क्रिकेट टूर्नामेंट होते हैं। दर्शक दीर्घा बन जाने के बाद दर्शकों को खड़े रहकर मैच नहीं देखने पड़ेंगे।