जलालाबाद में गंगा एक्सप्रेस-वे। संवाद
जलालाबाद। बदायूं जनपद से हरदोई के बीच करीब 151 किलोमीटर की दूरी का गंगा एक्सप्रेस-वे पूरी तरह बनकर तैयार है। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि उनका अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। फिर भी राजस्थान की निर्माण कंपनी एचजी इंफ्रा लिमिटेड ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के दौरान यात्रियों की सुविधा के साथ सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। एक्सप्रेस-वे के किनारे बनने वाली सफेद पट्टी की जगह रम्बल स्ट्रिप बनाई गई है। जिस पर गाड़ी का टायर जाते ही वह बाइब्रेट करने लगती है और चालक को पता लग जाता है कि वह काफी किनारे आ गया है। इसके अलावा जगह-जगह अस्पताल की भी सुविधा दी गई है। इस क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किनारे गांव ढका के पास बन रहे रेस्ट एरिया में अस्पताल के अलावा होटल, पेट्रोल पंप, कैंटीन आदि की सुविधा भी यात्रियों को मिलेगी।
गांव कलक्टरगंज के पास इंटरचेंज से होने वाले एंट्री प्वाइंट पर टोल प्लाजा बनकर तैयार है। दूसरी तरफ एक्जिट प्वाइंट पर भी टोल प्लाजा बनाया गया है। पूरे एक्सप्रेस-वे पर संकेतक, बोर्ड, बिजली व्यवस्था व डिवाइडर पर हरियाली व पेड़-पौधे लगाने का काम भी पूरा कर लिया गया है। निर्माण कंपनी के प्रशासनिक अधिकारी अमन तिवारी ने बताया कि बदायूं से हरदोई के बीच निर्माण व फिनिशिंग संबंधी सभी कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके है। अभी कंपनी के पास प्रधानमंत्री के उद्घाटन संबंधी कोई जानकारी नहीं आई है। हालांकि 29 अप्रैल को उद्घाटन हो सकता है। उसके हिसाब से हमारी तैयारियां पूरी हैं।