बदायूं में एंटी करप्शन की टीम ने सोमवार दोपहर बिसौली में चकबंदी अधिकारी कार्यालय परिसर में दो लाख रुपये की रिश्वत लेते चकबंदी अधिकारी के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को पकड़ लिया। उसने बताया कि चकबंदी अधिकारी के कहने पर उसने जमीन के मामले में रुपये लिए थे। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी ने चकबंदी अधिकारी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौके से भागे चकबंदी अधिकारी को पुलिस तलाश रही है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सिठौली निवासी अजीत सिंह के मुताबिक, साल 2007 में उनकी मां मंजुल ने तीन लोगों से करीब 20 बीघा जमीन खरीद कर बैनामा कराया था। जमीन का मां के नाम दाखिल खारिज भी हो गया। करीब तीन माह पहले बिसौली चकबंदी अधिकारी प्रमोद कुमार सिंघल और उनकी टीम ने मां के नाम दर्ज जमीन को नवीनपर्ती में दर्ज करा दिया। चकबंदी अधिकारी जमीन को ग्रामसभा की जमीन घोषित करने की लगातार धमकी दे रहे थे। इसको लेकर उनसे दस लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इसके चलते उन्होंने हाईकोर्ट प्रयागराज में एक याचिका दाखिल की।
हाईकोर्ट ने चकबंदी अधिकारी के आदेश को निरस्त कर उस जमीन को पुन: अजीत सिंह की मां के नाम पर दर्ज करने का आदेश दिया। फिर भी चकबंदी अधिकारी प्रमोद कुमार सिंघल इसके एवज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राम नरेश की मदद से उनसे दो लाख रुपये मांग रहा था।