उझानी में बिल्सी रोड बाजार की नई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल
चार करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी ने कराया है निर्माण कार्य
करीब महीना भर पहले बन कर तैयार बिल्सी रोड बाजार की सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के खिलाफ खुलेआम गुस्से का इजहार किया। नारेबाजी करते हुए नई सड़क पर जुटे कार्यकर्ताओं ने हंगामा भी कर दिया। एक्सईएन का पुतला फूंक कर उन्होंने डीएम को ज्ञापन भेजा है। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
कांग्रेस कार्यकर्ता बृहस्पतिवार दोपहर में बड़े महादेव के मंदिर के सामने जुटे। जिला संगठनमंत्री प्रशांत तोष्नीवाल और नगर अध्यक्ष अरुण पाराशर की अगुवाई में जुटे कार्यकर्ताओं ने बताया कि सड़क के निर्माण पर सरकार का करीब चार करोड़ रुपया खर्च हुआ है। गुणवत्ता पर निर्माण शुरू होने वाले दिन से लेकर कार्य पूर्ण होने तक ठेकेदार ने ख्याल नहीं रखा। ठेकेदार की शिकायत भी गई लेकिन पीडब्ल्यूडी के अफसर सच्चाई का पता लगाने के लिए मौके पर नहीं पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई बनी बिल्सी रोड बाजार की सड़क के उन हिस्सों को भी दिखाया, जहां सीमेंट गायब हो जाने की वजह से कंकरीट उखड़ने लगी है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन की भूमिका पर भी कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया। डीएम को ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की किसी एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में सिपट्टर सिंह सोलंकी, अवधेश श्रीवास्तव, पप्पू अंसारी और प्रशांत शर्मा आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।