जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार मालवीय आवास पर केंद्र सरकार के प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण कानून का विरोध करते हुए इसकी प्रतियां फूंकी। प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून को लागू न किए जाने की मांग उठाई।
इससे पूर्व मालवीय आवास पर आयोजित कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष साजिद अली ने कहा कि मोदी सरकार भूमि अधिग्रहण कानून लागू कर किसानों से उनकी धरती मां को छीनना चाहते हैं। अधिग्रहण कानून के जरिए सरकार जब चाहे किसान की भूमि हथिया लेगी। किसान को जमीन हीन कर देगी। जिला उपाध्यक्ष महेश सक्सेना ने इस कानून को किसान विरोधी करार दिया। कहा कि केंद्र सरकार उद्योगपतियों को जमीन देने में स्वतंत्र हो जाएगी।
महामंत्री जितेंद्र कश्यप, आमिर सुल्तानी और इगलास हुसैन ने भी इस कानून को किसान विरोधी बताया और कहा कि किसानों का शोषण बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर प्रेमपाल शर्मा, आजम अली, शफीरउद्दीन, जगदीश चंद्र शर्मा, अवधेश पाठक, हर्षवर्धन लोधी, राजू सक्सेना, इजहारुल, सुनील राठौर, सनी सक्सेना, अनवर खां, फूलखान, मोनू पंडित, विशाल कश्यप, नितिन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।