बदायूं। प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू हो गईं हैं। जिले के करीब दस स्कूलों में पहले दिन गृह विज्ञान और कंप्यूटर विषय की प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न कराई गईं। परीक्षा में छात्रों को कंप्यूटर लैब तक नहीं ले जाया गया, क्योंकि लैब में पूरे साल छात्रों को कंप्यूटर से संबंधित प्रयोग ही नहीं कराए गए थे। परीक्षकों ने भी छात्रों को कंप्यूटर लैब तक ले जाने को नहीं कहा। परीक्षक ने लिखित परीक्षा के साथ ही चार्ट देखकर छात्र-छात्राओं से प्रश्न पूछे। उनके जवाब के आधार पर छात्रों को अंक दिए गए हैं।
यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राओं की दूसरे और अंतिम चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आज से शुरू हुईं। जिले के 238 विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 फरवरी तक चलेंगी। 100 विद्यालयों को सेंटर बनाया गया है। विद्यार्थियों को नंबर भी परीक्षकों ने एप पर अंकित किए, साथ ही छात्रों के साथ सेल्फी लेकर एप पर अपलोड की।
परीक्षकों ने शहर के राजाराम, पार्वती कन्या इंटर कॉलेज समेत दस स्कूलों में पहुंचकर परीक्षा संपन्न कराई गई। सचल दलों ने स्कूलों को चैक किया। परीक्षकों ने छात्रों को नंबर तो दिए, लेकिन उनको कंप्यूटर लैब तक नहीं ले गए।
मोबाइल एप पर ही दिए गए नंबर
परिषद इस बार परीक्षा के लिए नया नियम लाया है। इसके लिए बोर्ड का विशेष मोबाइल एप है, जो केवल परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में काम करता है। परीक्षकों को छात्रों के साथ सेल्फी लेना और नंबर देते समय प्रधानाचार्य की मौजूदगी रही। परीक्षकों के नंबर से लॉगिन करने के बाद विद्यार्थियों के नंबर अपलोड किए गए।
दूसरे चरण के पहले दिन कंप्यूटर और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं हुईं। नंबर अपलोड करने में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं रही। कुछ जगह कंप्यूटर लैब की स्थिति ठीक न मिलने पर उनको दिशा निर्देश दिए गए। सोमवार को सभी सेंटरों पर सचल दल व मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस
महेश बाल कॉलेज में प्रयोगात्मक परीक्षाएं आज से
बिल्सी। कछला रोड स्थित श्री महेश बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्रों की रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और भौतिक विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं क्रमश: 10, 11 और 15 फरवरी को होंगी। प्रधानाचार्य डॉ. रोहताश कुमार शर्मा ने बताया कि इंटरमीडिएट की गृह विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा 11 फरवरी को नगर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में होगी। संवाद
पार्वती कन्या इंटर कॉलेज में प्रयोगात्मक परीक्षा देने के लिए खड़ी छात्राएं। संवाद