बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) केशव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। उप कृषि निदेशक ने फार्मर रजिस्ट्री के बारे में बताया कि 31 मार्च 2025 तक कृषक फार्मर रजिस्ट्री अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र से करा सकते हैं, जो कृषक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराएंगे उन्हें किसान सम्मान निधि योजना एवं अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।
आमगांव निवासी किसान अमरीश पटेल ने गन्ना के भुगतान की जानकारी चाही। सहायक गन्ना समिति सचिव ने कहा कि यदु शुगर मिल बिसौली द्वारा चार दिसंबर एवं शेखूपुर चीनी मिल द्वारा 28 दिसंबर 2025 तक का भुगतान कर दिया गया है। आगे का गन्ना भुगतान नियमानुसार किया जा रहा है।
गांव उतरना के रहने वाले व भारतीय किसान यूनियन के मंडल सचिव बदन सिंह ने खाद की समस्या बताई, जिस पर जिला कृषि अधिकारी द्वारा बताया कि एक बैग पर कृषक पनी कृषि भूमि खतौनी का गाटा संख्या बताकर खाद खरीद सकते हैं। जनपद के सभी खाद विक्रेताओं को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।
जिला कृषि अधिकारी द्वारा कृषकों को यह भी बताया गया कि जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भंडारों पर मक्का का बीज उपलब्ध है, जो किसान मक्का का बीज लेना चाहते हैं वह पूरे मूल्य पर खरीद सकते हैं। मक्का संकर प्रजाति मूल्य का 50 प्रतिशत अनुदान कृषकों के बैक खाते में हस्तांतरित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर बैक, कृषि, ऊर्जा, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना एवं उद्यान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।