बिल्सी। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जन्मदिन की दावत के दौरान लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी के आरोप में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव पुसगवां निवासी रश्मी शाक्य पत्नी श्यामपाल सिंह शाक्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया तीन जनवरी 2026 को पुत्र शिवम के जन्मदिन पर आयोजित दावत में रिश्तेदार गजेन्द्र सिंह, कुलदीप, महादीपक और रेश्म देवी निवासी बिलहारी कटिया (हाल निवासी शांति विहार, मढ़ीनाथ, बरेली) शामिल हुए थे। आरोप है कि रात में दावत समाप्त होने के बाद उन्होंने अपने पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद बक्से में रख दिए। देर रात कमरे से आवाज आने पर पहुंचीं तो चारों आरोपियों को बक्से का ताला खोलकर जेवर निकालते देखा। शोर मचाने पर अन्य लोग भी पहुंच गए, लेकिन आरोपियों ने बैग की तलाशी नहीं दी और रात में मौका पाकर फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि पहले पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिसके बाद न्यायालय की शरण ली गई।
सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद