भाकियू (भुल्लन) की ओर से मालवीय आवास पर धरना-प्रदर्शन के बाद डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में ओलावृष्टि, बारिश और तेज हवाओं से हुए नुकसान को लेकर किसानों को मुआवजा बंटना बंद करने पर रोष जताया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ब्रहकिशोर सिंह यादव ने कहा है कि मुआवजा बंटना बंद हो गया है। किसान बेहद आहत हैं। पूर्व में सूखा घोषित हो जाने के बाद किसान को सूखा राहत नहंीं मिली और बाद में बारिश और तेज हवाओं से फसलें गिरकर खराब हुईं तो उन्हें मुआवजा मिला, लेकिन बड़ी तादाद में किसान वंचित रह गए हैं। इसके बाद फिर आंधी और बारिश ने किसानों को तबाह कर दिया। किसान अभी भी राहत से वंचित हैं।
उन्होंने बताया कि पांच से सात जून तक अलखनंदा होटल के ग्राउंड में राष्ट्रीय महापंचायत में कई जिलों के किसान शामिल होंगे। चार जून से किसान महापंचायत को बरेली से हरिद्वार रवाना होंगे। जिलाध्यक्ष नरेश पाल सिंह राठौर ने कहा है कि किसानों को बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे परेशान किसान टूट चुका है। ज्ञापन में अवशेष किसानों को मुआवजा, यदु और नगरिया फैक्ट्री से गन्ना का भुगतान का मामला उठाया वहीं बिजली विभाग द्वारा कचहरी से पास बनवाई गई इमारत, महिला अस्पताल में बनी बिल्डिंग में मानक के अनुरूप कार्य न होने का मामला भी उठाया गया।
इस मौके पर चिरौंजी लाल, समीना बेगम, दुर्गपाल सिंह, शशि देवी, कौशल कुमार, जगत पाल, उर्मिलेश यादव, राजेंद्र यादव, कल्लूराम सक्सेना, महेश पाल, प्रमोद पटेल, परमवीर पटेल, वीरेंद्र पाल आदि शामिल रहे।