बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र में मंगलवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे बरेली-मथुरा निर्माणाधीन हाईवे पर गांव घटपुरी के पास रोडवेज बस और पिकअप वाहन में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक उसमें फंस गया। हादसे के बाद पीतलनगरी डिपो की बस का चालक और परिचालक मौके से सवारियों और बस को छोड़कर भाग निकले। बाद में पिकअप का केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे बरेली रेफर किया है।
दुर्घटना के बाद आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से केबिन में फंसे चालक को निकालने का प्रयास किया। सफलता नहीं मिली तो जेसीबी मंगाकर केबिन में जंजीर बांधकर खिंचवाई गई। एक घंटे बाद चालक बाहर निकल सका। पिकअप वाहन चालक रनदीप सिंह (32) पुत्र पैतूराम परिचालक हरपाल पुत्र प्रेमचंद चालक दोनों रसूलपुर यमुनानगर हरियाणा के रहने वाले हैं।
गंभीर रूप से घायल चालक रनदीप सिहं को निजी एंबुलेंस से बरेली भेजा गया है, वहीं परिचालक हरपाल को 108 से जिला अस्पताल। वहीं, घटना की वीडियो बनाने के दौरान पुलिस कर्मी ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद युवक मौके से हट गया।
पीतलनगरी डिपो की बस में थीं 25 सवारियां
हादसे के दौरान पीतलनगरी डिपो की बस में 25 सवारियां थी। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों को भी चोटें आईं। हादसे के बाद सभी यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हो गए। हादसे में बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
परिचालक ग्रामीणों से लगाता रहा भाई को जल्दी निकालने की गुहार
दुर्घटना में फंसे चालक रनदीप को देखकर परिचालक हरिपाल भी वाहन से उतरने को तैयार नहीं था। वह ग्रामीणों से रो-रोकर गुहार लगा रहा था कि भाई को जल्दी निकाल लो। ग्रामीणों के काफी समझाने के बाद वह केबिन से बाहर निकला। निकलने के बाद भी वह अपनी चोट को भूलकर चालक को निकालने की गुहार लगाता रहा।
जेसीबी से छोटा हाथी के केबिन खींचकर चालक को निकालते हुए । संवाद
जेसीबी से छोटा हाथी के केबिन खींचकर चालक को निकालते हुए । संवाद