जिले में राजकीय महिला महाविद्यालय में शिक्षण कार्य को शुरू हुए लगभग एक साल होने को जा रहा है, लेकिन अभी तक महाविद्यालय की बिल्डिंग का कार्य पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
सदर कोतवाली के पास स्थित महाविद्यालय में गत वर्ष शिक्षा सत्र से कक्षाएं लगाने का लक्ष्य था। जिसे भवन निर्माण कार्य पूरा न होने की वजह से शुरू नहीं किया जा सका। शुरूआती दौर में आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में ही कक्षाएं शुरू की गईं लेकिन कुछ हिस्सा पूरा होने के बाद यहां पर भी सितंबर में शिक्षण कार्य शुरू हो गया। महाविद्यालय में कुल 420 सीट हैं। इसमें 355 छात्राओं का प्रवेश हो चुका है। महाविद्यालय के प्राचार्या डॉ. दिलीप कपूर ने बताया कि उन्होंने एक सितंबर को ज्वाइन किया है। इसके बाद महाविद्यालय में शिक्षण कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए उन्होंने अपने साथी प्रवक्ताओं के साथ मिलकर छात्राओं को अच्छी शिक्षा को सुविधा जनक तरीके से देने के लिए कार्य किए हैं। अभी तक महाविद्यालय में इतिहास, संगीत, कला जैसे विषय नहीं हैं। इसके लिए भवन निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद इन विषयों को महाविद्यालय में लाने का कार्य तेजी से किया जाएगा।