बदायूं। कुंवर रूकम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज नगला में यूनिफॉर्म न होने की वजह से अध्यापकों ने छात्रों को पिटाई कर दी। इसके बाद छात्रों को कॉलेज से बाहर कर दिया। नाराज छात्रों ने कॉलेज पर पथराव कर दिया। पथराव होते ही कॉलेज में भगदड़ मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी छात्र फरार हो गए। गनीमत रही कि पथराव में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रों की पिटाई नहीं की गई थी, यूनिफॉर्म न होने की वजह से वापस भेज दिया था।
मंगलवार को नगला इंटर कॉलेज में छात्र रोजाना की तरह पढ़ाई करने के लिए पहुंचे। इनमें कुछ छात्र यूनिफॉर्म नहीं पहने थे। अध्यापकों ने बिना यूनिफॉर्म वाले छात्रों को कॉलेज से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि इससे पहले छात्रों की पिटाई भी अध्यापकों ने कर दी। इससे नाराज छात्र कॉलेज के गेट पर एकत्र हो गए। इनमें से कुछ छात्रों ने कॉलेज पर पथराव कर दिया। पथराव होते ही कॉलेज में अफरातफरी मच गई। कॉलेज में उपस्थित अध्यापक और छात्र क्लास रूम में छुप गए। स्टाफ ने पुलिस को फोन से इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख आरोपी छात्र मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद से कॉलेज के छोटे बच्चे सहम गए। पुलिस के आने के बाद अन्य छात्रों और अध्यापकों ने राहत की सांस ली।
छात्रों की पिटाई नहीं की गई थी, यूनिफॉर्म न होने की वजह से वापस भेज दिया था। इनमें से ही कुछ शरारती छात्रों ने पथराव कर दिया। हमारी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
-अजयपाल सिंह, प्रधानाचार्य