दातागंज उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन करते संविदा कर्मचारी। संवाद
बदायूं। हटाए गए संविदा कर्मचारियों को वापस लेने की मांग को लेकर साथी कर्मचारियों ने शुक्रवार को जनपद के विद्युत उपकेंद्रों पर प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/ संविदा कर्मचारी संघ के आवाहन पर किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने बगरैन, इस्लामनगर, रुदायन, फैजगंज, आसफपुर, भानपुर, जरीफ नगर सहित जिले के 20 विद्युत उपकेंद्रों पर एकत्र होकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हटाए गए संविदा कर्मचारियों को वापस लिया जाए, साथ ही न्यूनतम वेतन 18000 रुपये निर्धारित किया जाए। अन्य लंबित समस्याओं का समाधान किया जाए। संघ के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शन इको गार्डन लखनऊ में लगातार चल रहे धरना-प्रदर्शन के समर्थन में किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक सरकार मांगें नहीं मानती, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान हर्षवर्धन, अभय कुमार, रंजीत, सनोज कुमार, सत्येंद्र कुमार यादव, अलाउद्दीन, इमरान, रूपेश कुमार, सुभाष, मुकेश, बलविंदर, धर्मवीर, यशवीर, अरविंद, पुष्पेंद्र, सुमित राठौर, मनवीर आदि संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।