प्रभारी मंत्री को निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में मिलीं अनियमितताएं
प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने जिला अस्पताल और सोत नदी का औचक निरीक्षण किया। जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रवीना माहेश्वरी को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया, वहीं सोत नदी को कब्जा मुक्त करने के लिए डीएम और एसएसपी को सख्त हिदायत दी।
उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम समन्वय एवं सेवायोजन विभाग के कैबिनेट और प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने समीक्षा बैठक से पहले सोत नदी और जिला अस्पताल का हाल देखा। कहा कि नदी के दोनों किनारों को अवैध कब्जों से जल्द से जल्द मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि नदी, तालाब, भूमि, चकरोड, खलियान आदि से अवैध कब्जा हटवाया जाए। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि दोनों किनारों को तत्काल कब्जामुक्त किया जाए। भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई की जाए। नदियां जीवन दायिनी होती है इसे स्वच्छ रखा जाए। जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनियमितता मिलने पर सीएमएस प्रवीना माहेश्वरी को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। पथरी के इलाज के लिए आई रिंकी एवं नीरज ने शिकायत की कि अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता के बावजूद भी बाजार की दवाई लिखी जाती है। इस पर उन्होंने डॉक्टर आरएस यादव से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में मरीजों के साथ आए लोगों को बैठने की जगह पर मोटरसाइकिलें खड़ी देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कारवाई के निर्देश दिए।