सुरक्षा की दृष्टि से पीडब्ल्यूडी को शासन से मिले निर्देश
शहर के चार किलोमीटर एरिया में बनेंगे बेरीकेडिंग
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बदायूं दौरे से पहले बदायूं-बरेली फोरलेन पर 30 नए डिवाइडर लगाने का काम शुरू हो गया है। हाइवे पर उन स्थानों पर डिवाइडर लगाए जाएंगे, जहां रोड पार करने के लिए स्थान छोड़े गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से यह काम किया जा रहा है। इसके साथ ही बदायूं-बरेली रोड पर चार किलोमीटर एरिया में बेरीकेडिंग की जाएगी। दोनों जिलों के बीच हाइवे पर पड़ने वाले गांवों में भी बेरीकेडिंग की जा रही है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 23 मई को बदायूं आ रहे हैं। बदायूं में जनसभा और विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से बरेली जाएंगे। अखिलेश यादव का मुख्यमंत्री बनने के बाद सड़क मार्ग से यह पहला लंबा सफर है। सफर के दौरान कोई अवरोध पैदा न हो यह पुलिस-प्रशासन के सामने चुनौती है। इसके मद्देनजर बदायूं-बरेली के बीच फोनलेन पर 30 नए अस्थायी डिवाइडर लगाए जा रहे हैं। हाइवे के दोनों ओर गांवों के पास बेरीकेडिंग भी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग काम में जुटा हुआ है।
बदायूं से बरेली की दूरी 54 किलोमीटर है। दोनों जिलों के बीच हाइवे पर कई गांव भी पड़ते हैं। इन गांवों के आस-पास हाइवे पर बीच-बीच में डिवाइडर में जगह छोड़ी गई है। पीडब्ल्यूडी ने दोनों जिलों के बीच डिवाइडर लगाने का काम चालू कर दिया है। हाईवे पर दोनों ओर बेरीकेडिंग लगाने का काम भी चालू हो गया है।
----
फोर्स की आदम हुई शुरू
बदायूं। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर जिले में फोर्स की आमद चालू हो गई है। सभा स्थल समेत बदायूं से बरेली तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 28 जिलों से फोर्स के साथ पीएसी बदायूं आ रही है। कहीं कोई चूक न हो इसके लिए प्रशासन और पुलिस संजीदा है। 22 मई को सुबह नौ बजे तक फोर्स की आमद होने के बाद पुलिस कर्मियों को ड्यूटियां बांट दी जाएंगी।
-----
गंदे नाले चिढ़ा रहे प्रशासन का मुहं
बदायूं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सभा स्थल से सीधे बरेली के लिए रवाना होंगे। दातागंज तिराहे से पुरानी चुंगी तक के गंदे नाले प्रशासन का मुहं चिढ़ा रहे हैं। खेड़ा नवादा इलाके में डलाव घर तो खत्म करा दिए गए हैं, लेकिन नई सराय, जफा की कोठी, शहवाजपुर चौराहा, टिकट गंज तिराहा आदि इलाकों में नालों की स्थिति बद से बदतर है।
-----
मुख्यमंत्री की सुरक्षा की दृष्टि से कुछ स्थानों पर अस्थाई डिवाइडर लगाए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो। रिहायशी इलाकों में बेरीकेडिंग कराई जा रही है। जनता को कोई असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
-केसी वर्मा, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, लोनिवि