बदायूं-बरेली हाइवे पर स्थित शहवाजपुर चौराहा से लोचीनगला की ओर जाने वाली रोड पर रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉली कीचड़ युक्त मिट्टी चंदोखर गौटिया तालाब पाटने के लिए ले जाई जा रही है। इससे लोची नगला के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैक्टर चालकों को मना करने के बावजूद रोजाना कीचड़युक्त मिट्टी ले जाने से आक्रोशित मोहल्ले वासियों ने गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर प्रदर्शन किया। इस दौरान पहुंचे एक व्यक्ति से मोहल्ले वासियों की जमकर बहस हो गई, लेकिन दोपहर में करीब एक डेढ़ घंटे तक मोहल्लेवासियों ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोके रखा। बाद में बमुश्किल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रवाना किया गया।
लोगों ने बताया कि चंदोखर तालाब से पहले की जमीन पर मुख्यमंत्री की सभा प्रस्तावित है। इसकी आड़ में भू-माफिया तालाब को पाटने का काम कर रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश है। गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे लोचीनगला के अनुज सक्सेना ने कहा कि दिन-रात ट्रैक्ट्रर ट्रॉलियों से गीली मिट्टी की ढुलाई हो रही है। मिट्टी सड़क पर गिरने से फिसलन बढ़ जाती है, जिससे तमाम बाइक सवार और राहगीर फिसल कर गिर रहे हैं। क्षेत्र के आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शन करने वालों में धर्मेंद्र कुमार, राजेश, राकेश, पिंकू दिवाकर समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
------
चंदोखर गौटिया में तालाब भरवाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी ले जाने वालों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के अवैध कार्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-सीपी त्रिपाठी, डीएम
----
तालाबों को पाटने पर पूर्व विधायक ने जताई आपत्ति
बदायूं। भारतीय जनता पार्टी पूर्व के विधायक रामसेवक सिंह पटेल सोत नदी, सागर ताल और चंदोखर ताल पर अतिक्रमण किए जाने पर आपत्ति जताई है। गुरुवार को उन्होंने डीएम सीपी त्रिपाठी से भेंट कर जिले में गिरते भूजल स्तर पर ध्यान आकृष्ट कराया। पटेल ने कहा कि जिले के अधिकांश ब्लाक डार्क जोन में आ जाने से जल संकट पैदा हो सकता है। ये भविष्य के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने डीएम से वर्षा प्रारंभ होने से पहले सोत नदी को पुन: सक्रिय करने के लिए मनरेगा के तहत जल संचित करने का सुझाव दिया। डीएम ने इस दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।