कन्या विद्याधन योजना के तहत चयनित 560 कन्याओं को वितरित किए गए चेक
कन्या विद्याधन योजना के तहत रक्षाबंधन से पूर्व तोहफे के रूप में 80 विद्यालयों की 560 मेधावी छात्राओं को समारोह आयोजित कर चेक प्रदान किए गए। ये चेक प्रदेश के आबकारी, युवा कल्याण, खेल ब्राह्य सहायतित परियोजना एवं समग्र ग्राम विकास विभाग के राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री रामकरन आर्य, ग्राम्य विकास विभाग के राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बनवारी सिंह यादव एवं श्रम संविदा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष डा. यासीन अली उस्मानी ने वितरित किए।
एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज में मंगलवार को आयोजित कन्या विद्याधन योजना के तहत चेक वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऐसे तमाम परिवार हैं, जो गरीबी के कारण अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा नहीं दिला पाते थे, उनको प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए तीस-तीस हजार रुपये दिए जा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा और शेखूपुर के विधायक आशीष यादव, सांसद के प्रतिनिधि अवधेश यादव ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में बताया। जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने अतिथियों का अभिवादन किया। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृृतिक कार्यक्रम पेश किए गए।
शेष कन्याओं को जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी के निर्देशानुसार चेक वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर एसएसपी सुनील सक्सेना, सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया, नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी अनिल कुमार यादव, बरेली से आए उच्च शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सुरेश पाल सिंह चौहान,पूर्व विधायक प्रेम पाल सिंह यादव, बलवीर सिंह यादव मौजूद रहे।