खुद को सफल युवा मुख्यमंत्री के रुप में स्थापित करने की कोशिश में जुटे अखिलेश यादव ने मंगलवार को बुजुर्ग समाजवादी चिंतकों को सम्मानित कर, इस वर्ग के बीच पैठ बनाने की कोशिश की। प्रबुद्ध सोशलिस्ट समाजवादी सम्मान समारोह में सीएम से सम्मान पाने वालों में बदायूं के 7 सामाजवादी चिंतक शामिल हैं। लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में चयनित बुजुर्गों को सम्मानित किया गया।
प्रबुद्ध सोशलिस्ट समाजवादी सम्मान समारोह लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुआ। जिसका आयोजन कैबनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय द्वारा किया गया। समारोह में बदायूं समेत प्रदेश भर के वयोवृद्ध समाजवादी चिंतक और प्रबुद्ध जनों का सम्मान किया गया। अखिलेश यादव ने इन्हें सम्मान स्वरुप स्मृति चिह्न देकर शॉल ओढ़ाई। बदायूं से सम्मान पाने वाले पुराने समाजवादी कोकाराम शर्मा, गुलफाम सिंह यादव, श्रीनिवास उपाध्याय, हरिओम शर्मा, कुंवरपाल शर्मा, राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय व महेश चंद्र शर्मा रहे । पार्टी से जुड़े रहे इन बुजुर्ग चिंतकों के सम्मान से कार्यकर्ताओं में पार्टी हाई कमान को लेकर उत्साह और सरहना के भाव देखने को मिले। सम्मान पाकर बदायूं लौटे कोकाराम शर्मा कहते हैं कि सरकार का ये कदम सराहनीय है, कोका राम राष्ट्रपति पुरुस्कार प्राप्त शिक्षक हैं।