बदायूं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित सहायता प्राप्त विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक की शिकायत डीएम से की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआरओ (जिला राजस्व अधिकारी) को डीएम ने जांच अधिकारी नामित किया है। उनके स्तर से ही इस मामले की जांच की जा रही है।
कादरचौक ब्लॉक के गांव सकरी कासिमपुर के जनता जूनियर हाईस्कूल में तैनात एक सहायक अध्यापक के खिलाफ गांव ककोड़ा निवासी भगवंत सिंह ने डीएम से शिकायत की है। इसमें कहा गया है कि जनता जूनियर हाईस्कूल में तैनात युवक की चतुर्थ श्रेणी में नौकरी लगी थी। आरोप है कि कूटरचित तरीके से सहायक अध्यापक के पद पर वेतन लेने लगा।
इस मामले में शिक्षा निदेशक (बेसिक) लखनऊ ने विभागीय अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए, लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद डीएम निधि श्रीवास्तव ने अब डीआरओ प्रवर्धन शर्मा को जांच अधिकारी बनाया है। डीआरओ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अभिलेखों में छेड़छाड़ कर सहायक अध्यापक के पद पर नियम विरुद्ध वेतन लेने की शिकायत मिली है। इसकी जांच कर रहा हूं। दोनों पक्षों को नोटिस जारी किया है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी। -प्रवर्धन शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी