छात्रा विनीता प्रतीकात्मक बीएसए बनी। स्रोत विभाग
बदायूं। मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के तहत छात्राओं को प्रतीकात्मक अधिकारी बनाया जा रहा है। इसके तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र की कक्षा आठ की छात्रा विनीता को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक बीएसए बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें प्रशासनिक पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना है।
प्रतीकात्मक बीएसए बनी छात्रा विनीता ने बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में चर्चा की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने उनसे विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने संतोषजनक उत्तर दिया। बीएसए नवीन कुमार ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को यह विश्वास दिलाना है कि वे भी मेहनत और लगन से बड़े प्रशासनिक पदों तक पहुंच सकती हैं। ऐसे प्रयासों से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होती है और वे भविष्य के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित होती हैं।