बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी नीलू शर्मा पत्नी नितिन शर्मा ने बताया कि उसका मायका बागपत में है। उसके चचेरे भाई, चाची समेत पांच लोगों ने मजबूरी बताकर 22 लाख रुपये की ठगी कर ली। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बागपत निवासी पांचाें आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नीलू ने बताया कि बागपत जिले के थाना छपरौली के गांव जागोस निवासी उसका चचेरा भाई गौरव कौशिक घर आकर बोला कि घर की किश्त चुकाने के लिए रुपये चाहिए। अगर रुपये नहीं मिले तो सब बेघर हो जाएंगे। कुछ ही समय में रुपये लौटा दूंगा। उसने अपनी मां मुकेश शर्मा और पत्नी पूर्णिमा गुप्ता से भी बात कराई। उसने अपने पति व देवर से कहकर नकद सात लाख रुपये दे दिए।
इसके बाद चाची मुकेश शर्मा, भाई अनुज शर्मा और अजय शर्मा ने अलग-अलग बहाने करके 15 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। कुछ महीनों के बाद रुपये वापस मांगे तो सभी टालमटोल करने लगे। पता किया तो सामने आया कि नौकरी के नाम पर वह तो करोड़ों रुपये लोगों से ठग चुका है।
चाची व भाई को फोन करके रुपये पहुंचाने को कहा तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। कहा कि अगर घर आई तो लौटकर जिंदा नहीं जाएगी। पुलिस ने पांचों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह का कहना है पुलिस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
नामीकंपनी के नाम पर नकली चप्पल बेचने वाले पर रिपोर्ट
बदायूं। एक नामी चप्पल कंपनी के नाम पर नकली उत्पाद बेचने के मामले में कंपनी के प्रतिनिधि ने विक्रेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिल्ली निवासी रिलेक्सो फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्हें पता लगा कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कई दुकानदार कंपनी के उपब्रांड फ्लाइट के नाम से नकली उत्पाद धड़ल्ले से बाजार में बेच रहे हैं। इससे न सिर्फ लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही थी, बल्कि कंपनी की साख भी खराब हो रही थी।
बताया कि 21 जनवरी को वह कंपनी की टीम के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक को मामले से अवगत कराया। पुलिस टीम को साथ लेकर दुकानें चेक कीं। खुशबू शू कंपनी, जो पुराने डाकखाने वाली गली, पुलिस लाइन चौराहा पर स्थित है, यहां पर हरीराज मिले। जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से कंपनी के नाम से नकली चप्पल बेच रहे थे। टीम ने सारा नकली माल जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय का कहना है पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी। संवाद