फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आखिर कैसे हो विकास...जब विधायक ही बरते रहे ढिलाई

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। जिले में विकास कार्यों की धरातल पर क्या स्थिति है, यह किसी से छिपा नहीं है। काम कराना तो दूर विधायक प्रस्ताव देने तक में रुचि नहीं ले रहे जबकि विधायक निधि की पहली किस्त के डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये आए लगभग एक माह से ज्यादा का समय हो चुका है। खास बात ये है कि केंद्र व प्रदेश सरकार में सत्तासीन भाजपा के तीनों विधायक ही इस बारे में उदासीन हैं। जिले की छह विधानसभाओं में अब तक केवल दो सपा विधायकों ने ही अपने प्रस्ताव दिए हैं।
विज्ञापन

इस बार जिले की जनता ने छह विधानसभा सीटों में से तीन पर भाजपा और तीन पर सपा विधायकों को जिताया। विधायकों द्वारा अपने क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) को प्रस्ताव भेजे जाते हैं। विभाग उन प्रस्तावों के आधार पर स्वीकृति प्रदान करते हुए कार्य कराता है। पिछले माह विधायकों को दी जाने वाली विधायक निधि की पहली किस्त के रूप में डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये भी आ गए हैं लेकिन सिर्फ सहसवान के सपा विधायक ब्रजेश यादव तथा बिसौली के आशुतोष मौर्य ने अपने प्रस्ताव विभाग का सौंपे हैं जबकि भाजपा से शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य के अलावा सपा के शेखूपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक हिमांशु यादव ने अब तक कोई प्रस्ताव नहीं दिया है।
-
एमएलसी ने भी नहीं दिया प्रस्ताव
भाजपा की ओर से जिले में एमएलसी का पद पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक के बेटे बागीश पाठक संभाल रहे हैं, इनको भी शासन की ओर से डेढ़ करोड़ रुपये की निधि दी गई है, लेकिन इनकी तरफ से भी अब तक कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि अभी कोई प्रस्ताव नहीं भेजा है। पहले लिस्ट तैयार करेंगे, उसमें से प्राथमिकता के आधार पर कराये जाने वाले कार्यों का प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
विज्ञापन

-
विधायकों ने ये सौंपे प्रस्ताव
सहसवान विधायक ब्रजेश यादव ने एक व्यक्ति को एक लाख रुपये चिकित्सा अनुदान के रूप में देने का प्रस्ताव दिया है तो वहीं आठ लाख रुपये से इस्लामनगर के पूर्व चेयरमैन वाहिद खां के नाम पर एक गेट बनवाने का प्रस्ताव दिया है। बिसौली के सपा विधायक आशुतोष मौर्य द्वारा एक व्यक्ति को 60 हजार रुपये और चार स्कूलों में कक्ष निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये की धनराशि देने के लिए प्रस्ताव दिया गया है।
-
बोले विधायक
जो काम कराने हैं उनकी सूची बना ली गई है। अब उनमें से भी देखेंगे कि कौन-कौन से काम बेहद जरूरी है। ऐसे कामों के प्रस्ताव पहले बनाकर देंगे।
-महेश चंद गुप्ता, सदर विधायक
-
प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं, जल्द ही विभाग को दिए जाएंगे, जिससे उन जनहित के कामों को कराया जा सके और जनता का फायदा मिले।
-हरीश शाक्य, बिल्सी विधायक
-
जल्द ही प्रस्ताव विभाग को दिए जाएंगे। लोगों की जरूरत को देखते हुए उनको तैयार कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों की समस्या का समाधान हो सके।
-राजीव कुमार सिंह, दातागंज विधायक
-
अब तक केवल सहसवान व बिसौली के विधायकों द्वारा प्रस्ताव दिए गए हैं। अन्य किसी विधायक का प्रस्ताव नहीं आया है। उन्हें विभाग की ओर से पत्र भेजा गया है, जिससे उनके भी प्रस्ताव समय से आ जाएं और उन पर काम शुरू कराया जा सके।
विज्ञापन

- अनिल कुमार, पीडी डीआरडीए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें