बदायूं/ उझानी। शुक्रवार को कछला में गंगा आरती की द्वितीय वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। हवन-पूजन का आयोजन किया गया, साथ ही खिचड़ी भोज कराया गया। इस मौके पर गंगा समितियों के सदस्यों को पट्टिका व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं बनारस की तर्ज पर जिले में गंगा महाआरती की शुरुआत करने वाले व इसको भव्यता देने वाले बदायूं के पूर्व डीएम दिनेश कुमार सिंह भी शामिल हुए।
शुक्रवार को कछला गंगा घाट (भागीरथ) पर द्वितीय वर्षगांठ के मौके पर गंगा महाआरती का भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि पूर्व डीएम ने गंगा आरती का जो ऐतिहासिक कार्य किया है, उसके लिए जिले का हर श्रद्धालु आभारी है। आज दूर-दूर से श्रद्धालु इसके दर्शन के लिए आते हैं। राज्यसभा सांसद बीएम वर्मा ने कहा कि बदायूं् में भव्य आरती का आयोजन देखकर ऐसा लगता है कि जैसे बनारस की आरती में शामिल हैं। डीएम कुमार प्रशांत ने कहा कि गंगा महाआरती को आज दो साल पूरे हो गए है। इससे देखकर सुखद अनुभव प्राप्त होता है। एसएसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाएं रखें, कोई भी कूड़ा न डाले। पूर्व डीएम दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि बदायूं की अवाम ने जो स्नेह, प्यार मुझे दिया, उसके लिए मैं जीवनभर उनका आभारी रहूंगा।
गंगा महाआरती की शुरूआत आज ही के दिन ठीक दो साल पहले 15 जनवरी 2019 को की गई थी। गंगा आरती शुरू कराने का उद्देश्य था कि जिले के वह श्रद्धालु जो भव्य आरती को देखने के लिए बनारस नहीं जा पाते, वह अपने ही बदायूं में ही बनारस जैसी भव्य महाआरती के दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि गंगा महाआरती की भव्यता यूंही बनी रहे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल आदि मौजूद रहे।