बदायूं। राजस्व विभाग और पूर्ति विभाग की टीम ने अलापुर में सपा नेता के गोदाम से एक ट्रक चावल बरामद किया है। गोदाम मालिक सपा नेता चावल के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पाया। वहीं ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया है। टीम ने जब पड़ोस में रहने वाले कोटेदार के यहां पर राशन चेक किया, तो वहां पर चावल कम मिला। इस पर पूर्ति विभाग की तरफ से दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार शाम को पूर्ति विभाग के लिए सूचना मिली कि अलापुर में सरकारी राशन की कालाबाजारी बड़े स्तर पर की जा रही है। मामला बड़ा था ऐसे में जिला पूर्ति अधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से बात की, जिस पर नायब तहसीलदार राजकुमार, पूर्ति विभाग के एआरओ नरेंद्र सिंह, पूर्ति निरीक्षक राजेश कुमार, नीरज सिंह ने अलापुर में ककराला मोड़ से पहले पुरानी टंकी के पास छापा मारा। वहां टीम को एक ट्रक दिखाई दिया, जिसमें चावल लादा जा रहा था। उन्होंने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस भी वहां पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर ट्रक चालक वहां से फरार हो गया, लेकिन मौके पर गोदाम मालिक फहीमउद्दीन को पकड़ लिया और उनके चावल के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन गोदाम मालिक फहीम उद्दीन इस संबंध में कोई खास जानकारी नहीं दे पाया। ऐसे में शक होने पर टीम ने पड़ोस में रहने वाली कोटेदार रूमा के यहां पर छापा मारा और स्टॉक को चेक किया। चेकिंग के दौरान टीम को रूमा के यहां पर चावल का स्टॉक कम मिला। टीम ने इसकी जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह को दी। उन्होंने भी मौके पर जाकर यथास्थिति देखी। इसके बाद में उन्होंने कोटेदार और गोदाम मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
पांच से छह सौ कट्टे बरामद
-विभागीय अधिकारियों के अनुसार ट्रक में करीब साढ़े पांच सौ से लेकर छह सौ कट्टे मौके पर बरामद हुए हैं। जिसमें करीब तीन सौ कट्टे चावल ट्रक में भरा था और लगभग 250 से तीन सौ कट्टे चावल वहां गोदाम में था। इसमें से डेढ़ से दौ सौ कट्टे सरकारी चावल बताए जा रहे हैं। फहीमउद्दीन के गोदाम में मिले चावल को ट्रक में रखा गया, जिसके बाद उस ट्रक को अधिकारियों की निगरानी में म्याऊं में बने सरकारी गोदाम पर खड़ा करवा दिया है, ताकि उस ट्रक में कोई छेड़छाड़ न कर सकेे।
सपा का नवनियुक्त जिला सचिव है फहीम
- अलापुर में सरकारी चावल पकड़े जाने के मामले में जिस फहीमुद्दीन का नाम शामिल है। वह सपा का सचिव है। हाल ही में सपा की नई कार्यकारिणी बनी है, जिसमें फहीम को जिला सचिव बनाया गया है। इससे पहले भी यासीन गद्दी को जिला महासचिव बनाकर सपा की नई कार्यकारिणी चर्चा में आ चुकी है। फरवरी 2016 में यासीन गद्दी के विनावर स्थित नखासे से आए पशु नवादा चौकी पर पकड़े गए थे। इसके बाद चौकी पर न केवल जमकर हंगामा हुुआ था बल्कि हिंदूवादी संगठनों और पुलिस कर्मियों में खींचतान तक हो गई थी। सपा में ऐसे लोगों को नई कार्यकारिणी में जगह देकर विरोधी पार्टियों को खींचतान का मौका दिया जा रहा है।
फहीमुद्दीन सपा के जिला सचिव हैं। मैं अभी बरेली मीटिंग से आकर बैठा हूं। उनके गोदाम में राशन पकड़ा गया है। इस बारे में मुझे किसी ने सूचना नहीं दी है। पहले मैं इस बारे में पता कर लूं। उसके बाद ही बता सकता हूं क्या सही है और क्या गलत है।
प्रेमपाल सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष
अलापुर में फहीमुद्दीन के गोदाम में काफी मात्रा में चावल के कट्टे मिले हैं। जिनमें कुछ ट्रक और कुछ गोदाम में थे। इसमें सरकारी चावल थे। गोदाम मालिक इस संबंध में कुछ बता नहीं पाए। कोटेदार पर शक हुआ, तो उसके यहां पर चावल का स्टॉक चेक कराया। वहां पर स्टॉक कम मिला। ऐसे में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
-रामेंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी